सिंगरौली : मुख्यमंत्री ने एकल क्लिक से लाडली बहनों को के खाते में अंतरित की राशि

सिंगरौली: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज मंत्रालय, भोपाल से आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में एकल क्लिक के माध्यम से प्रदेश के लाखों हितग्राहियों के खातों में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की सहायता एवं अनुदान राशि का अंतरण किया। कार्यक्रम के माध्यम से प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, लाड़ली बहना योजना एवं सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के हितग्राहियों को सीधे वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई गई।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना एवं लाड़ली बहना योजना के अंतर्गत प्रदेश की 22 लाख से अधिक बहनों को अनुदान सहायता के रूप में 99 करोड़ रुपये से अधिक की राशि तथा सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत 35 लाख से अधिक पेंशनधारियों को 211.53 करोड़ रुपये की राशि का एकल क्लिक के माध्यम से अंतरण किया गया।

मुख्यमंत्री ने जिले में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना एवं लाड़ली बहना योजना के रिफिल अनुदान राशि का सफलतापूर्वक वितरण किया गया। जिले के 64,582 पात्र हितग्राही बहनों के बैंक खातों में रसोई गैस सिलिंडर रिफिल अनुदान के रूप में 1 करोड़ 26 लाख 67 हजार 59 रुपये की राशि सीधे अंतरित की गई। इसी प्रकार सामाजिक न्याय विभाग द्वारा संचालित सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के अंतर्गत जिले के 20,792 हितग्राहियों के खातों में 1 करोड़ 24 लाख 75 हजार 200 रुपये की पेंशन राशि का अंतरण किया गया।

इस प्रकार सिंगरौली जिले में दोनों योजनाओं के अंतर्गत कुल 85,374 हितग्राहियों को 2 करोड़ 51 लाख 42 हजार 259 रुपये की सहायता राशि सीधे उनके बैंक खातों में प्राप्त हुई। राशि के सीधे खातों में अंतरण से हितग्राहियों एवं उनके परिवारों में खुशी का माहौल है। हितग्राहियों ने त्वरित एवं पारदर्शी तरीके से सहायता राशि उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।

कलेक्ट्रेट कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अपर कलेक्टर श्री पी.एस. त्रिपाठी ने उपस्थित हितग्राहियों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई। उन्होंने सभी से नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया। इस अवसर पर उप संचालक सामाजिक न्याय विभाग श्रीमती रेखा पंचाल, जिला आपूर्ति अधिकारी पी.सी चन्द्रवंशी, पेंशन प्रभारी श्री आदर्श सिंह सहित बड़ी संख्या में हितग्राही उपस्थित रहे।

Leave a Comment