Singrauli News:कलेक्टर के निर्देश पर क्षतिग्रस्त पुल की अडानी द्वारा कराई जा रही मरम्मत, 2-3 दिन में आवागमन होगा सुचारू

 

अतिवृष्टि से खटखरी-बरौहा के बीच क्षतिग्रस्त हुआ था पुल, एनटीपीसी सीएसआर से पूर्व में हुआ था निर्माण

Singrauli News:सिंगरौली जिले में दिनांक 13 अगस्त 2026 की रात हुई अतिवृष्टि के कारण ग्राम खटखरी एवं बरौहा को जोड़ने वाली सड़क के बीच स्थित पुल पानी के तेज बहाव के कारण क्षतिग्रस्त हो गया था। पुल के क्षतिग्रस्त होने से दोनों गांवों के बीच आवागमन प्रभावित हुआ तथा ग्रामीणों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था।

मामले की जानकारी प्राप्त होने पर कलेक्टर सिंगरौली श्री गौरव बैनल द्वारा तत्काल संज्ञान लेते हुए पुल की मरम्मत शीघ्र कराने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर के निर्देशन एवं आदेश के परिपालन में महान एनर्जी लिमिटेड (अडानी) द्वारा क्षतिग्रस्त पुल की मरम्मत एवं पुनर्स्थापना का कार्य कराया जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि उक्त पुल का निर्माण पूर्व में एनटीपीसी के सीएसआर मद से कराया गया था। अतिवृष्टि के कारण पुल क्षतिग्रस्त होने के बाद ग्रामीणों की कनेक्टिविटी को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर श्री गौरव बैनल ने पुल को शीघ्र दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।

दो-तीन दिन में शुरू होगा आवागमन

पुल की मरम्मत का कार्य तेजी से किया जा रहा है। आगामी 2-3 दिनों में पुल को आवागमन के लिए पुनः चालू किए जाने की संभावना है। पुल के चालू होने से ग्राम खटखरी एवं बरौहा के बीच आवागमन पुनः सुचारू हो जाएगा तथा ग्रामीणों को आवागमन में राहत मिलेगी।

Leave a Comment