Singrauli News: गांजा बेचने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, मोटरसाइकिल सहित 826 ग्राम मादक पदार्थ जप्त, एक आरोपी फरार

Singrauli News: नवानगर पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ गांजा के परिवहन और बिक्री के खिलाफ  कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 826 ग्राम गांजा और एक मोटरसाइकिल भी जप्त  की है।
नवानगर थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल पटेल को कस्बा भ्रमण के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ युवक मोटरसाइकिल से दनवा बाबा मंदिर के पास गांजा बेचने पहुंचे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।
पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगे, जिसमें एक आरोपी फरार हो गया, जबकि दो आरोपियों को मौके पर ही पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से मरून रंग की पन्नी में रखा 826 ग्राम कलीयुक्त गांजा बरामद हुआ,  जिसकी कीमत लगभग 12 हजार रुपये आंकी गई है। साथ ही एक यमहा एफजेड मोटरसाइकिल क्रमांक  एमपी 66 एमजेड 9257 भी जप्त की गई है, जिसकी कीमत करीब एक लाख रुपये बताई गई है।
आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20(बी) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया है तथा फरार आरोपी की तलाश जारी है। उक्त कार्रवाई में सहायक उपनिरीक्षक डॉ. अजीत सिंह,  अरविंद चतुर्वेदी, प्रआर प्रवीण सिंह, राजा ठाकुर, आर अमृत राजपूत एवं  दीपक ओझा की सराहनीय भूमिका रही।

Leave a Comment