Singrauli News : मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड मार्च माह के विशेष वसूली अभियान के अंतर्गत बकाया विद्युत देयों की वसूली हेतु सख्त कार्यवाही कर रही है। शहर क्षेत्र में बकाया राशि का भुगतान न करने वाले उपभोक्ताओं के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान शहर क्षेत्र में लगभग 1230 विद्युत कनेक्शन स्मार्ट मीटर के माध्यम से और पोल से अस्थायी रूप से विच्छेदित (डिस्कनेक्ट) किए गए हैं। इन उपभोक्ताओं पर कुल लगभग 1 करोड़
24 लाख रुपये की बकाया राशि लंबित थी। बताया गया कि इन उपभोक्ताओं को बार-बार सूचना एवं बिल भुगतान के लिए दिए गए अवसरों के बावजूद बकाया राशि जमा न करने के कारण यह कार्यवाही की गई है।
वर्तमान में समाधान योजना 2025 26 के अंतिम 5 दिन शेष बचे हुए हैं। विद्युत कंपनी ने उपभोक्ताओं को पुनः अंतिम अवसर दिया है कि वे समाधान योजना का लाभ लेते हुए अपनी बकाया राशि तत्काल जमा करें, जिससे सरचार्ज या दंड से राहत मिल सके और कनेक्शन पुनः चालू किया जा सके।
रात में भी की जा रही जांच
विद्युत कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया है कि निर्धारित समयावधि में बकाया राशि जमा न करने वाले उपभोक्ताओं के विरुद्ध ड्यूज रिकवरी एक्ट तथा विद्युत अधिनियम 2003 की 135 और 138 की धाराओं के अंतर्गत सख्त वैधानिक कार्यवाही भी की जाएगी। कार्यपालन अभियंता दिनकर दुबे ने बताया कि रात में काटे गए कनेक्शन की भी सघन जांच की जा रही है। काटे गए कनेक्शन यदि जुड़े पाए गए तो उन पर विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 135 एवं 138 के तहत कार्यवाही की जा जायेगी।
लाभ लें और बिल जमा करें
सभी उपभोक्ताओं से विद्युत वितरण कंपनी ने अपील की है कि वे अपने विद्युत बिलों का समय पर भुगतान करें तथा समाधान योजना 2025-26 का लाभ अवश्य लें। जिससे अनावश्यक असुविधा से बचा जा सके और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके। अनियमित बिल और बकाए के लिए चिन्हित उपभोक्ताओं पर जब्ती की कार्रवाई की जायेगी, जिसकी जिम्मेदारी उपभोक्ता की होगी।