Singrauli News : वैश्विक स्तर पर मंडरा रहे ऊर्जा संकट और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच, कोल इंडिया की प्रमुख अनुषंगी कंपनी नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड ने कोयला मंत्रालय के मार्गदर्शन में वित्तीय वर्ष 2025 26 में शानदार प्रदर्शन करते हुए कोयला उत्पादन का नया कीर्तिमान स्थापित किया है। दरअसल, एनसीएल ने चालू वित्तीय वर्ष में शुक्रवार की पहली पाली तक 139.05 मिलियन टन कोयला उत्पादन कर अब तक का सर्वाधिक वार्षिक कोयला उत्पादन कर लिया है।
वर्तमान समय में युद्धजनित वैश्विक ऊर्जा संकट के दौरान एनसीएल का यह प्रदर्शन, देश की ऊर्जा जरूरतों की पूर्ति के आलोक में और भी उल्लेखनीय हो जाता है। इसके साथ ही एनसीएल अब 140 मिलियन टन के वार्षिक कोयला उत्पादन लक्ष्य को हासिल करने के बेहद करीब पहुंच गई है।
इस सफलता का श्रेय कंपनी ने किसे दिया?
एनसीएल प्रबंधन ने इस सफलता का श्रेय कंपनी के श्रमवीरों की अथक मेहनत, समर्पण एवं प्रतिबद्धता को दिया है। एनसीएल का यह उत्कृष्ट प्रदर्शन न केवल कंपनी की संचालन दक्षता और बेहतरीन संसाधन प्रबंधन को दर्शाता है, बल्कि कोयला है तो भरोसा है की संकल्पना के प्रति टीम एनसीएल की समेकित प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करता है।