Ambedkar Jayanti Rally: मामूली बात पर कहासुनी के बाद गुस्साए लोगों ने घर में घुसकर पीटा, चार घायल

Ambedkar Jayanti Rally: अंबेडकर जयंती रैली के दौरान अमिलिया में मंगलवार को मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। वाहन हटाने को लेकर शुरू हुई मामूली घटना बड़े बवाल में बदल गई। गुस्साए लोगों ने एक घर पर हमला बोला और दो महिलाओं सहित चार लोगों को घायल कर दिया। इनमें एक की हालत गंभीर बताई गई है। बवाल यहीं नहीं थमा और इसके बाद करीब 50 से अधिक उपद्रवियों ने अमिलिया थाने पर हमला बोल दिया।

पथराव में दो पुलिसकर्मी सहित कुछ अन्य लोग भी घायल हो गए। तनाव को देखते हुए बड़ी तादाद में पुलिस बल तैनात किया गया है। रैली के दौरान रास्ते में खड़ी एक बोलेरो हटाने को लेकर विवाद शुरू हुआ। दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद वाहन में तोड़‌फोड़ की गई। जब वाहन मालिक मनी शुक्ला ने इसका विरोध किया तो गुस्साए लोगों ने उसके घर में घुसकर तोड़फोड़ कर दी। मनी और उनके परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की गई।

 मनी के अलावा 80 वर्षीय रमांकात शुक्ला, अर्चना शुक्ला (40) और दिव्यांग शुक्ला (22) जख्मी हो गए। भीड़ ने परिवार की महिला सदस्यों को भी नहीं छोड़ा। दोनों पक्षों से 14 लोग घायल हुए हैं। इनमें से 8 लोगों को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।

हालात काबू करने तीन थानों का बल बुलाना पड़ा

भीड़ ने जब अमिलिया थाने पर धावा बोला तो बचने के लिए पुलिसकर्मी यहां-वहां भागते नजर आए। भीड़ ने थाने में घुसकर थाना प्रभारी और स्टाफ को निशाना बनाया। दो पुलिसकर्मी रामचरित्र पांडे और सतीश तिवारी घायल हुए हैं। हालात संभालने के लिए तीन अन्य थानों से अधिकारी और अतिरिक्त पुलिस बल बुलाना पड़ा।

अंबेडकर जयंती पर रैली निकाली जा रही थी। इसी दौरान दो गुटों में विवाद हो गया। हमला करने वालों के खिलाफ शासकीय संपत्ति को क्षति पहुंचाने को लेकर कार्यवाही की जा रही है।

– विकास मिश्रा, कलेक्टर सीधी।

ये भी पढ़े-

“आईसीएच में पानी पीना भी मुश्किल” NCL Canteen संचालक पर मनमानी के आरोप

Samadhan Yojna: बिजली बिल बकायेदारों पर समाधान योजना के तहत सख्ती, 78 बाइक और 45 मोटर पंप जब्त

Leave a Comment