अंतिम संस्कार के दौरान मधुमक्खियों ने बोला धावा, अर्थी छोड़कर भागे लोग

MP News : मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। एक महिला के अंतिम संस्कार के दौरान अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया। मौके पर मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए भागने लगे। हालात ऐसे हो गए कि मृतका की अर्थी तक छोड़नी पड़ी। इस घटना में कई लोग घायल हो गए।

अंतिम संस्कार के दौरान हुआ हमला

राजगढ़ के कुरावर क्षेत्र के गिलाखेड़ी गांव में 55 वर्षीय भंवर कुंवर के अंतिम संस्कार के दौरान यह घटना हुई। गांव से थोड़ी दूरी पर श्मशान में जैसे ही लोग पहुंचे, अचानक मधुमक्खियों का झुंड वहां आ गया और हमला कर दिया।

 शोर और धुएं से भड़की मधुमक्खियां

जानकारी के मुताबिक, पास के पीपल के पेड़ पर मधुमक्खियों का बड़ा छत्ता था। अंतिम संस्कार में बैंड-बाजे का शोर और कंडों का धुआं उठ रहा था। इसी वजह से मधुमक्खियां भड़क गईं और उनका छत्ता टूट गया, जिसके बाद वे झुंड में लोगों पर टूट पड़ीं।

जान बचाने के लिए भागे लोग

हमला होते ही वहां मौजूद करीब 100 से ज्यादा लोग इधर-उधर भागने लगे। अफरा-तफरी इतनी ज्यादा थी कि लोग अर्थी तक छोड़कर भाग गए। अंत में सिर्फ चार लोग ही अर्थी के पास रह गए, जिन पर मधुमक्खियों ने ज्यादा हमला किया।

कई लोग हुए घायल

इस हमले में शिवराज राजपूत, रघुवीर सिंह, मोहन सिंह, जसवंत सिंह और कमला प्रसाद शर्मा सहित कई लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए कुरावर और पीलूखेड़ी के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। लोग तौलिया और कपड़ों से खुद को ढककर किसी तरह बचते नजर आए।

दो घंटे बाद सामान्य हुई स्थिति

मधुमक्खियों के हमले के बाद करीब दो घंटे तक हालात बिगड़े रहे। जब स्थिति सामान्य हुई, तब दोबारा अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में डर का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि सार्वजनिक जगहों पर लगे मधुमक्खियों के छत्तों को हटाया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।

MP News : भोपाल के हॉस्टल के खाने में मिली छिपकली? कुक ने सबके सामने खाकर कहा – “ये छिपकली नहीं, शिमला मिर्च है”

Leave a Comment