सिंगरौली: जिले के बरगवां नप में सीएमओ अमित सिंह के खिलाफ पार्षदों का असंतोष अब आंदोलन की दहलीज तक पहुंच गया है। लंबे समय से लंबित शिकायतों पर कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए पार्षदों ने कलेक्टर और एसपी के यहां पत्र सौंपकर 31 अगस्त से अनिश्चितकालीन धरने की चेतावनी दी है।
पार्षदों के इस कदम से नगर परिषद की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। पार्षदों ने पत्र में नगर परिषद के स्टोर में कथित अनियमितताओं की जांच कराने की मांग की है। इसके साथ ही आउटसोर्स कर्मचारी सिद्धार्थ महतले पर जनप्रतिनिधियों के साथ कथित दुर्व्यवहार का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग उठाई गई है। पार्षदों के अनुसार इन दोनों मामलों को लेकर 21 और 22 जुलाई को संबंधित अधिकारियों को लिखित शिकायत दी गई थी, परंतु कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। पार्षदों ने कार्रवाई में हो रही देरी के लिए सीएमओ को जिम्मेदार ठहराते हुए नाराजगी जताई है।
उनका कहना है कि शिकायतों की अनदेखी के चलते अब आंदोलन का निर्णय लेना पड़ा है। पार्षदों ने प्रशासन को स्पष्ट किया है कि 31 अगस्त से अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा। एक दर्जन पार्षद रमेश कुमार बैस, मानिक चन्द गुप्ता, पूनम, उर्मिला देवी बसोर, अर्चना, श्यामकली बैस, अनारकली, प्रियंका समेत, सीएमओ के खिलाफ लामबंद है।