Singrauli News: प्रदेशव्यापी “स्कूल चलें हम” अभियान के तहत जिले में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, विंध्यनगर में “भविष्य से भेंट” कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री ने विद्यार्थियों से संवाद कर उन्हें प्रेरित किया।
अपने संबोधन में एसपी मनीष खत्री ने कहा कि सफलता प्राप्त करने के लिए निरंतर अभ्यास, कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प बेहद आवश्यक हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को सलाह दी कि वे पढ़ाई को बोझ न मानें, बल्कि रुचि और लगन के साथ अध्ययन करें तथा अपने जीवन का स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करें।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में पढ़ने वाले विद्यार्थी ही भविष्य में सिविल सेवक, प्रशासनिक अधिकारी, वैज्ञानिक और डॉक्टर बनकर देश और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे। इसके लिए जरूरी है कि छात्र-छात्राएं अभी से अनुशासन और मेहनत को अपनी दिनचर्या में शामिल करें।
कार्यक्रम में सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह भी उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि शिक्षा ही व्यक्ति को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का माध्यम है और समाज के विकास में अहम भूमिका निभाती है।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने विद्यालय की गतिविधियों एवं छात्र-छात्राओं के उत्कृष्ट कार्यों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में विद्यालय प्राचार्य, शिक्षकगण एवं थाना विंध्यनगर का पुलिस स्टाफ भी उपस्थित रहा।
Singrauli News: जब कलेक्टर बने मास्टर जी, ब्लैक बोर्ड पर लिखे सपनों की उड़ान के सूत्र