Singrauli News: जल गंगा संवर्धन अभियान अंतर्गत निर्धारित विभागीय लक्ष्यों को समय पर पूरा करें तथा समस्त राजस्व अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रांतर्गत नामांतरण, बंटवारा तथा सीमांकन के प्रकरणों का शत-प्रतिशत निराकरण कर पालन प्रतिवेदन देना सुनिश्चित करें।
उक्त आशय के निर्देश कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समय-सीमा बैठक के दौरान कलेक्टर गौरव बैनल द्वारा संबंधित अधिकारियों को दिए गए। कलेक्टर ने जल गंगा संवर्धन अभियान अंतर्गत किए जा रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि सभी विभाग अभियान अंतर्गत अपने निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूर्ण करें तथा अभियान का व्यापक स्तर पर अपने-अपने क्षेत्रों में प्रचार-प्रसार भी कराना सुनिश्चित करें।
साथ ही राजस्व प्रकरणों की समीक्षा करते हुए समस्त उपखंड अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित नामांतरण, बंटवारा एवं सीमांकन के प्रकरणों का शत-प्रतिशत निराकरण करें तथा अपने स्तर से राजस्व अमले की बैठक आयोजित कर प्रकरणों के निराकरण की समीक्षा करें। वहीं स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देशित किया कि जिला चिकित्सालय के साथ-साथ सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में भी ओपीडी का संचालन समयानुसार हो, इसकी मॉनिटरिंग करें। बैठक के दौरान जिला अधिकारी मौजूद रहे।
नियमित समय पर खाद्यान्न वितरण हो
कलेक्टर ने जिला आपूर्ति अधिकारी को निर्देशित किया कि प्रतिदिन कम से कम 4 उचित मूल्य दुकानों का निरीक्षण कर साप्ताहिक पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करें। निर्धारित समय पर उचित मूल्य की दुकानें संचालित हों तथा हितग्राहियों को उनकी पात्रता अनुसार खाद्यान्न का वितरण सुनिश्चित करें।
सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों के निराकरण की जानकारी लेने के पश्चात निर्देशित किया कि कई विभागों द्वारा 50 दिवस की शिकायतों का निराकरण नहीं किया गया है, जो अत्यंत खेदजनक है। इसके अलावा कुछ अधिकारियों द्वारा शिकायतों को अटेंड भी नहीं किया गया है। कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त करते हुए ऐसे विभागों को चिन्हित कर संबंधित विभागीय अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया जाए।
ये भी पढ़े-