Singrauli Devsar News: मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले के देवसर बाजार में चोरी की एक अनोखी वारदात सामने आई है, जिसने स्थानीय लोगों को हैरान कर दिया है। यहां एक किराना दुकान को निशाना बनाते हुए चोर ने करीब 90 हजार रुपए पर हाथ साफ कर दिया। हैरानी की बात यह रही कि आरोपी ने अपनी पहचान छिपाने के लिए बोरी ओढ़ रखी थी, जिससे वह CCTV फुटेज में भी साफ पहचान में नहीं आ पा रहा है।
घटना जियावन थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, चोर रात के समय दुकान के पीछे बने सीढ़ी मार्ग से अंदर दाखिल हुआ। इस रास्ते का इस्तेमाल आमतौर पर दुकान मालिक या कर्मचारी ही करते हैं, जिससे यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि आरोपी को दुकान की बनावट और अंदरूनी व्यवस्था की पूरी जानकारी थी।
दुकान के अंदर घुसने के बाद चोर सीधे उस स्थान पर पहुंचा, जहां नकदी रखी हुई थी। उसने बड़ी ही सफाई से गल्ले में रखे करीब 90 हजार रुपए निकाल लिए और उसी रास्ते से फरार हो गया। पूरी घटना दुकान में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें एक व्यक्ति बोरी ओढ़े हुए संदिग्ध गतिविधियां करता नजर आ रहा है।
सुबह जब दुकान मालिक ने दुकान खोली तो गल्ले से पैसे गायब देख उसके होश उड़ गए। तत्काल पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी। CCTV फुटेज को खंगाला जा रहा है और आरोपी की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
ये भी पढ़े-
Singrauli News: एनसीएल ने समय से पहले वार्षिक कोयला उत्पादन लक्ष्य को किया पार