Singrauli Waidhan News: मकड़ी के जाले जैसे उलझे जर्जर बिजली के तारों के नीचे काम करने को मजबूर हैं किसान

Singrauli Waidhan News: चितरंगी क्षेत्र की ग्राम पंचायत रमडिहा में बिजली की सुविधा किसानों के लिए जानलेवा बनने लगी है। खंभों पर मकड़ी के जाले बने बिजली के तारों के नीचे खेतों में किसान काम करने के लिए मजबूर हो रहे हैं। नरेना बैसवार बस्ती के किसानों ने बताया कि उनके खेतों के ऊपर से 440 वोल्ट बिजली के तार बेहद खतरनाक स्थिति में लटके हुए हैं।
कई स्थानों पर तार इतने नीचे आ गए हैं कि व्यक्ति अपने हाथ ऊपर कर उसे छू सकता है। इन तारों को व्यवस्थित पोल की बजाय बांस के सहारे खींचा गया है। जिसके करण मकड़ी के जाल बने जर्जर तार और खतरनाक हो चुके हैं। जैसे ही तेज हवा चलती है, चिंगारियां निकलनी शुरू हो जाती हैं।
कई बार यह तार टूटकर खेतों में गिर जाते हैं, जिसके कारण खेतों में काम कर रहे किसान या मवेशी इनकी चपेट में आ सकते हैं। संयोग से अब तक कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ है, लेकिन ग्रामीणों का कहना है कि यह सिर्फ किस्मत का खेल है। यहां स्थिति बेहद चिंताजनक है।

डर के साये में गुजरती है रात

गर्मी के मौसम में इन तारों की स्थिति और अधिक खतरनाक हो जाती है। फसलों के पास से गुजरते तार गर्म होकर झूलने लगते हैं। जिससे खेतों में काम करना मुश्किल हो जाता है। किसानों ने बताया कि वे रात के समय सिंचाई करने से डरते हैं, क्योंकि अंधेरे में इन तारों से खतरा और बढ़ जाता है। इससे फसल की सिंचाई समय पर नहीं हो पाती है। इसके कारण किसान आर्थिक नुकसान के साथ-साथ मानसिक तनाव भी झेल रहे हैं। एक ओर उन्हें फसल की चिंता है, तो दूसरी ओर अपनी और परिवार की सुरक्षा का डर भी सता रहा है।

बरत रहा उदासीनता

ग्रामीणों के अनुसार करीब दो साल पहले बिजली विभाग की टीम ने क्षेत्र का सर्वे किया था। जल्द ही जर्जर तारों को बदलने का आश्वासन दिया था, लेकिन समय बीतने के साथ यह आश्वासन भी ठंडे बस्ते में चला गया।

आज तक न तो नए तार लगाए गए और न ही पुराने तारों की मरम्मत की गई। किसानों ने आरोप लगाया कि वे नियमित रूप से बिजली बिल का भुगतान करते हैं। बावजूद इसके उन्हें सुरक्षित और सुचारू बिजली सुविधा नहीं मिल रही है। विभाग की इस उदासीनता से ग्रामीणों में भारी नाराजगी है।

तत्काल कार्रवाई की मांग

ग्रामीणों और किसानों ने जिला प्रशासन और बिजली विभाग से मांग की है कि रमडिहा पंचायत के नरेना बैसवार बस्ती में जर्जर और उलझे बिजली तारों को प्राथमिकता के आधार पर बदला जाए। इसके साथ ही मजबूत पोल लगाकर सुरक्षित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि किसान बिना डर के खेती कर सकें।

ये भी पढ़े-

Singrauli News : दूध लेकर घर लौट रहे बुजुर्ग की दर्दनाक मौत, तेज रफ्तार पिकअप ने मारी टक्कर

Singrauli News : सिंगरौली क्षेत्र के विकास को मिली नई रफ्तार, सिंगरौली–मुंबई के बीच सीधी ट्रेन सेवा हुई शुरू

Leave a Comment