Singrauli News: बरका पुलिस चौकी क्षेत्र के गन्नई गांव में एक 40 वर्षीय युवक की लाठी-डंडे से पीट-पीटकर निर्मम हत्या किये जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि सोमवार शाम 5 बजे के करीब आदिवासी युवक बनवारी लाल बियार जब घर में था, उसी समय आधा दर्जन लोग उसके घर पहुंचे और वाद विवाद करते हुए लाठी-डंडे से हमला बोल दिया।
हमले में गंभीर रूप से घायल युवक को परिजन किसी तरह से इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरई लेकर गए। युवक की हालात ज्यादा गंभीर देख चिकित्सकों ने जिला अस्पताल वैढ़न रेफर कर दिया। सरई से वैढ़न लाने के लिए युवक के परिजनों को एंबुलेंस नहीं मिली। घंटों एबुलेंस का इंतजार करने के बाद परिजन निजी वाहन से घायल को लेकर रवाना हुए लेकिन अत्यधिक खून बह जाने से युवक की रास्ते में ही मौत हो गई।
रात 9 बजे तक चौकी प्रभारी को नहीं थी खबर
घटना शाम 5 बजे के आसपास की बताई जा रही है। घटना को अंजाम देने वाले लोग मृतक के घर में हंगामा करते रहे लेकिन बरका चौकी प्रभारी को रात 9 बजे तक घटना की भनक तक नहीं लगी।
राहत की बात रही कि परिजनों ने डायल 112 को सूचना दी, उसके बाद पुलिस एफआरवी वाहन ने घायल को अस्पताल पहुंचाया। बताया जा रहा है कि आदिवासी युवक का किसी बात को लेकर परिवार वालों से विवाद लंबे समय से चल रहा था। जिसकी शिकयत बरका पुलिस चौकी में की गई थी, लेकिन चौकी प्रभारी द्वारा शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया गया। चौकी प्रभारी अगर पीड़ित की शिकायत को सुनते तो शायद यह घटना होने से बच जाती।
सरई टीआई ने संभाला मोर्चा
युवक के ऊपर हुए हमले की जानकारी मिलने के बाद सरई थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह भदौरिया ने मोर्चा संभाला। घटना स्थल पर पुलिसबल को भेजकर वे आरोपियों की तलाश में जुटे।
थाना प्रभारी अगर सक्रिय नहीं होते तो गांव में तनाव की स्थिति निर्मित होनी तय थी, क्योंकि बरका चौकी प्रभारी को रात 9 बजे तक घटना के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। बरका, गन्नई क्षेत्र के लोगों का साफ कहना है कि चौकी प्रभारी सिर्फ रेत से मतलब रखते हैं। वे मारपीट और छेड़छाड़ जैसी शिकायतों को कभी गंभीरता से नहीं लेते।
ये भी पढ़े –
MP News: पेड़ से टकराकर पलटी कार, 3 लोगों की हुई दर्दनाक मौत
Singer Asha Bhosle: काशी में कैंडल जलाकर दी गई गायिका आशा भोंसले को श्रद्धांजलि