Singrauli News: तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से युवक की मौत, पत्नी घायल

Singrauli News: सिंगरौली जिले के गढ़वा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चितावल पुल के पास आज मंगलवार की शाम हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी घायल हो गई। पुलिस को दी गई जानकारी के अनुसार ग्राम रेहड़ा निवासी मनीजर बसोर ने बताया कि वह अपनी बेटी की शादी का निमंत्रण देने ग्राम बरा गया था। इसी दौरान शाम करीब 4 बजे उसे सूचना मिली कि उसके भाई संतोष बसोर का चितावल पुल के पास एक्सीडेंट हो गया है।
सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचा, जहां देखा कि संतोष बसोर के सिर, गर्दन, दाढ़ी और नाक में गंभीर चोटें आई थीं और खून बह रहा था। संतोष की पत्नी लचिया देवी ने बताया कि वे दोनों मोटरसाइकिल से लोहदा साप्ताहिक बाजार जा रहे थे, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार और लापरवाही से चल रही बाइक ने टक्कर मार दी, जिससे दोनों गिर गए।
घटना के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया, जबकि उसकी मोटरसाइकिल एमपी 66 एमएफ 9760 वहीं पड़ी मिली। परिजनों ने 108 एंबुलेंस की मदद से घायल संतोष को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चितरंगी पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। लचिया देवी के दाहिने हाथ में चोट आई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए चीरघर में रखवाया गया है।
ये भी पढ़े-

Leave a Comment