Singrauli News: अभी तक बड़े महानगरों में ही सेक्सटॉर्शन के मामले जानने-सुनने को मिलते थे, लेकिन अब सिंगरौली में भी इस तरह के मामले सामने आने लगे हैं। कोतवाली थाना क्षेत्र के बलियरी में रहने वाले एक चिकित्सक जब मरीज देखने उसके घर गए तो उनकी मुलाकात एक युवती से हुई। युवती मोबाइल पर फोन कर चिकित्सक से बातचीत करना शुरू किया।
दोनों के बीच बातचीत का सिलसिला शुरू हुआ तो उसके बाद युवती वीडियो कॉलिंग कर अपनी बातों में फंसाकर चिकित्सक का अश्लील वीडियो बना लिया। वीडियो बनाने के बाद युवती ने चिकित्सक को वीडियो भेजकर 5 लाख रुपये की डिमांड की। युवती ने धमकी दी कि अगर पैसे नहीं दिए तो वह दुष्कर्म का मामला पुलिस में दर्ज कराएगी।
युवती द्वारा बार-बार धमकी दिए जाने से परेशान चिकित्सक हिम्मत करके पुलिस के पास पहुंचा। पुलिस ने चिकित्सक की शिकायत की जांच की तो पता चला युवती पैसों के लिए ब्लैकमेल कर रही थी। लिहाजा पुलिस ने युवती और उसके एक साथी के खिलाफ मामला दर्ज कर युवती को गिरफ्तार कर लिया है।
कई लोगों पर युवती दर्ज करा चुकी है मामला
चिकित्सक को ब्लैकमेल करने वाली 24 वर्षीय युवती वैढ़न के बलियरी की रहने वाली है। पूरे मामले का खुलासा करते हुए एसपी शियाज केएम ने पत्रकार वार्ता में बताया कि युवती ने अपने साथी अविनाश उर्फ मोहित निवासी तेलाई के साथ मिलकर पूरा प्लान तैयार किया था, लेकिन प्लान को कामयाब होने के पहले ही पुलिस ने पूरे मामले का भंडाफोड़ कर दिया।
पुलिस की मानें तो युवती तीन-चार लोगों के खिलाफ पूर्व में दुष्कर्म, छेड़छाड़ की शिकायत दर्ज करा चुकी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी युवती को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी, वहीं उसके साथी को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। एसपी के निर्देश पर की गई कार्रवाई में टीआई अशोक सिंह परिहार, अर्चना द्विवेदी, एसआई चांदनी सिंह, प्रियंका मिश्रा, पप्पू सिंह, संजीत, वंदना तिवारी, अभिमन्यु उपाध्याय शामिल थे।
ये भी पढ़े-
Singrauli News: महान एनर्जेन की शिफ्ट बस ने बाइक सवार युवक को मारी टक्कर, एक की मौत, दूसरा गंभीर