Singrauli News: आयुक्त ने एएनएम एवं पटवारी को निलंबित करने का दिया फरमान

Singrauli News: रीवा संभाग के आयुक्त बीएस जामोद एवं कलेक्टर  गौरव बैनल ने बैढ़न क्षेत्र के सबसे दूरस्थ वनांचल पहाड़ी पर स्थित ग्राम उतानीपाठ का भ्रमण किया। इस दौरान शीर्ष अधिकारियों ने बैगा जनजाति एवं स्थानीय ग्राम वासियों से सीधा जन-संवाद किया।
जन-संवाद के दौरान आयुक्त  ने उपस्थित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि क्षेत्र के सभी पात्र ग्रामीणों को शासकीय योजनाओं का लाभ शत-प्रतिशत दिलाना सुनिश्चित करें।  इस अवसर पर जिपं सीईओ जगदीश गोमे, सहायक जिलाधीश सौम्या मिश्रा सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। जन संवाद में ग्रामीणों ने अपनी गंभीर समस्याएं आयुक्त के समक्ष रखीं, जिस पर उन्होंने तत्काल कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की।
ग्रामीणों ने शिकायत की कि ग्राम में गर्भवती महिलाओं और बच्चों की न तो समय पर जाँच होती है और न ही टीकाकरण किया जाता है। मौके पर मौजूद तीन गर्भवती महिलाओं ने भी टीका न लगने की पुष्टि की, जिस पर आयुक्त ने कड़ी नाराजगी जताते हुए सीएमएचओ को संबंधित एएनएम  को तत्काल निलंबित करने के निर्देशित किया।

सचिव का वेतन काटने के भी निर्देश

एक बुजुर्ग महिला ने बताया कि पंचायत सचिव द्वारा ई-केवाईसी पूर्ण न किए जाने के कारण उसे एक वर्ष से दिव्यांग पेंशन नहीं मिली है। आयुक्त ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित पंचायत सचिव के वेतन से कटौती कर दिव्यांग महिला को पेंशन राशि का भुगतान करने के निर्देश दिए। वहीं  पटवारी के लगातार अनुपस्थित रहने की ग्रामीणों की शिकायत पर आयुक्त ने उन्हें भी तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
कड़ी प्रशासनिक कार्रवाई के बाद आयुक्त एवं कलेक्टर ने ग्राम के अंतर्गत सीएसआरमद से कराए जा रहे तालाबों के गहरीकरण एवं निर्माण कार्यों का भौतिक निरीक्षण किया। इस दौरान श्जन चौपाल के माध्यम से ग्रामीणों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए आयुक्त ने जल रोको अभियान और जल गंगा संवर्धन अभियान में सक्रिय जन-भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया । इस अवसर पर जिला अधिकारी मौजूद रहे।
ये भी पढ़े-

Leave a Comment