Singrauli News: ननि के सफाई कर्मी अपनी 9 सूत्रीय मांगों को लेकर बेमियादी हड़ताल पर हैं। हड़ताल के चौथे दिन आज शुक्रवार को सफाई कर्मियों ने धरना स्थल से लेकर रैली निकालते हुये कलेक्ट्रोरेट पहुंच कलेक्टर के नाम डिप्टी कलेक्टर को ज्ञापन सौपा है।
आलम यह है कि नपानि क्षेत्र के सफाई कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल लगातार चौथे दिन भी जारी रही। हड़ताल के चलते अब शहर की साफ.-सफाई व्यवस्था पर व्यापक असर दिखाई देने लगा है। कई वार्डों और मुख्य मार्गों पर कचरे के ढेर जमा होने लगे हैं, जिससे आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बताया जा रहा है कि सफाई कर्मचारियों द्वारा अपनी विभिन्न मांगों को लेकर काम बंद कर दिया गया है। लगातार चार दिनों से सफाई कार्य प्रभावित होने के कारण ननि क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था चरमरा गई है।
शहर के बाजार क्षेत्रों, मोहल्लों और सार्वजनिक स्थानों पर नियमित सफाई नहीं होने से गंदगी बढ़ने लगी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही शासन-प्रशासन और निगम प्रशासन द्वारा इस समस्या का समाधान नहीं निकाला गया तो आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है। वहीं इसका सीधा असर स्वच्छ सर्वेक्षण पर भी पड़ने की संभावना जताई जा रही है। स्वच्छता सर्वेक्षण को लेकर नगर निगम द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे थे, लेकिन सफाई कर्मचारियों की हड़ताल ने व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
वहीं सफाई कर्मियों ने आज शुक्रवार की शाम रैली निकालकर कलेक्ट्रोरेट पहुंच ज्ञापन सौपा है। इस दौरान सफाई कर्मियों ने अपने विभिन्न मांगों को लेकर नारेबाजी भी करते रहे। डिप्टी कलेक्टर को ज्ञापन सौपते समय अपनी मांगों को पूर्ति के लिए दोहराते रहे और कहा कि जब तक मांग पूरी नही होती, तब तक धरना एवं काम बंद हड़ताल चलता रहेगा।