Singrauli News: महान एनर्जेन पावर के बस चालक ने मोटरसाइकिल सवार दो भाइयों को खुटार बाजार में टक्कर मार दिया था, जहां मोटरसाइकिल सवार एक श्रमिक की मौत हो गई थी, जबकि उसका दूसरा भाई घायल हो गया है। जिसका इलाज जिला चिकित्सालय सह ट्रामा सेंटर बैढ़न में चल रहा है। ग्रामीण एवं मृतक के परिजन शव को सड़क पर रख कर शुक्रवार की आधी रात तक चक्का जाम करते हैं। अंतत: साढ़े 6 लाख रूपये आश्रितो को देने का ऐलान तहसीलदार प्रीति सिकरवार के मौजूदगी में किया गया।
गौरतलब है कि महान पावर एनर्जेन बस चालक की लापरवाही से खुटार बाजार में बाइक सवार को रौंद दिया था। बाइक में दो सगे भाई बैढ़न से काम कर वापस अपने घर गहिलरा जा रहे थे कि खुटार बाजार में सड़क हादसे में राजू खैरवार की घटनास्थल पर मौत हो गई। जबकि उसका दूसरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया है। जिसका जिला चिकित्सालय सह ट्रामा सेंटर बैढ़न में चल रहा है। घटना के बाद मृतक के परिजन व ग्रामीणजन शव को सड़क पर रखकर चक्का जाम शुरू कर दिया। रात करीब 1 बजे तक चक्का जाम चलता रहा।
अंतत: मृतक के आश्रितो को संबल योजना सहित साढ़े 6 लाख रूपये देने का ऐलान हुआ। इसके अलावा कंपनी में मृतक के आश्रित को नौकरी देने का आश्वासन दिया गया, तब कहीं जाकर मामला शांत हुआ। वहीं घटना की जानकारी मिलते ही देवसर विधायक राजेन्द्र मेश्राम मृतक के घर पहुंच नम आंखों से भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित किया और घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया। यहां बताते चले कि महान पावर एनर्जेन के सिफ्ट बस चालक के द्वारा यह दूसरी बार घटना को अंजाम दिया गया है, इसके दो महीने पहले तेलाई पर चार मवेशियों एवं एक राहगीर मिस्त्री को कुचल दिया गया था, जहां सभी की मौत हो गई थी। इस घटना पर भी काफी बवाल हुआ था, फिर भी उक्त कंपनी के सिफ्ट बस चालक लापरवाही पूर्वक बस का परिचालन कर रहे हैं।