Singrauli News : शराब की अवैध खेप लेकर जा रही एक शिफ्ट कार बरगवां के ओड़गड़ी के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। बताया जा रहा है कि कार देवसर से बरगवां की तरफ तेज रफ्तार से आ रही थी, लेकिन मंजिल तक पहुंचने के पहले ही डिवाइडर से टकराई और पलट गई। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची बरगवां पुलिस ने कार की तलाशी ली तो कार के अंदर अलग अलग ब्रांड की अंग्रेजी शराब मिली, जिसकी कीमत 1 लाख 81 हजार रुपये से अधिक बताई जा रही है। शराब तस्करी में उपयोग की जा रही कार में आगे और पीछे अलग-अलग नंबर लिखे हुए थे। पुलिस चेसिस नंबर के आधार पर कार स्वामी और चालक की जानकारी एकत्र करने में लगी हुई है।
जिले की ही किसी दुकान की है शराब
बताया जा रहा है कि जब्त की गई शराब जिले की ही किसी दुकान की है, जिसे पैकारी करने के लिए दूसरी जगह पर ले जाया जा रहा था, लेकिन ठिकाने पर पहुंचने के पहले की कार पलटी और पूरा प्लान फेल हो गया। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि शराब किस दुकान से लाई गई है। एसपी शियाज केएम के निर्देश पर की गई कार्रवाई में थाना प्रभारी मोहम्मद समीर, वीरेंद्र त्रिपाठी, फूल सिंह, संजय यादव, अनूप मिश्रा, नंदकिशोर बागरी, अरविंद यादव, शिवराज तोमर, औरीष गुर्जर, प्रतीक कुमार शामिल थे।
ग्रामीण भी लूट ले गए शराब
सुनसान जगह पर कार जब पलटी तो कार में लदी शराब की बोतलें सड़क पर बिखर गई थीं। कुछ बोतलें टूट गई तो कुछ को आसपास के ग्रामीण उठा ले गए। हालांकि तत्काल पुलिस पहुंची, जिससे ग्रामीण ज्यादा शराब नहीं ले जा पाए। बताया जा रहा है कि कार में पीछे की पूरी सीट व डिक्की में शराब लोड थी। प्राथमिक जांच में पुलिस ने बताया कि शराब देवसर से बरगवां की तरफ लाई जा रही थी। शराब कहां से लाई जा रही थी और कहां ले जाई जा रही थी, तस्करी में कौन लोग शामिल हैं, पुलिस इसकी जांच कर रही है।