Singrauli Festival : जिले के स्थापना दिवस पर आयोजित होने वाले तीन दिवसीय सिंगरौली महोत्सव की तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। आयोजन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के आने की सहमति मिल चुकी है, उसी के हिसाब से तैयारी और व्यापक स्तर पर की जा रही है। तीन दिवसीय आयोजन का आगाज 23 मई को फिल्मी दुनिया के जाने-माने सिंगर कैलाश खेर की सुमधुर आवाज से होगा। दूसरे दिन 24 मई को कवि सम्मेलन का आयोजन होगा, जिसमें देश के जाने-माने कवि पदमश्री सुरेंद्र शर्मा, डॉ. कविता तिवारी, डॉ. सीता सागर, चंदन राय, सुदीप भोला, लक्ष्मीकांत निर्भीक, मणिका दुबे सहित स्थानीय कवि अपनी रचनाएं सुनायेंगे। आयोजन के अंतिम दिन 25 मई को प्लेबैक सिंगर भूमि त्रिवेदी अपनी आवाज का जादू बिखेरेंगी।
इस बार सिंगरौली महोत्सव में जिले में स्थित औद्योगिक संस्थानों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी ताकि लोग प्रदर्शनी के माध्यम से देख सकें कि जिले में स्थित औद्योगिक संस्थान कितना उत्पादन कर रहे हैं। स्व सहायता समूहों के स्टॉल भी लगाए जाएंगे, जिसमें स्व सहायता समूहों द्वारा निर्मित किए जाने वाले उत्पादों को प्रदर्शन और बिक्री के लिए रखा जाएगा। मुख्यमंत्री के आने से कार्यक्रम की भव्यता और बढ़ेगी, जिसको ध्यान में रखते हुए कलेक्टर गौरव बैनल, एसपी शियाज केएम व अन्य प्रशासनिक अमला स्टेडियम में व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने में लग गया है।
स्थानीय कलाकार देंगे प्रस्तुतियां
शहर के राजमाता चुन कुमारी स्टेडियम में 23 से 25 मई तक आयोजित होने वाले तीन दिनी सिंगरौली महोत्सव में स्थानीय कलाकारों को भी प्रस्तुति देने का अवसर दिया गया है, जिसमें विंध्य की लोकगीत गायिका मान्या पांडेय प्रमुख हैं। स्थानीय कलाकारों को तीनों दिन प्रस्तुतियां देने का अवसर दिया जाएगा। स्थानीय कलॉकारों का ऑडिशन भी जल्द लिया जाएगा ताकि चयनित कलाकार रिहर्सल कर मंच पर अपनी प्रस्तुति देने के लिए तैयार हो सकें।