Singrauli News: कोतवाली थाना क्षेत्र में मुख्य बस स्टैंड से एक दो साल की दुधमुंही बच्ची का अपहरण गत दिनों हो गया था। दो साल की मासूम बालिका मनीषा पिता अर्जुन सिंह का अपहरण होने की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मामला दर्ज कर तलाश में जुटी। मासूम बालिका की तलाश के लिए एक एसआईटी गठित की गई, जिसमें
150 से अधिक पुलिस कर्मियों को शामिल किया गया। एसआईटी टीम ने शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में दो सौ से अधिक सीसीटीवी फुटेज का खंगाले। तब एक-दो जगहों पर एक युवक बच्ची को कंधे में ले जाते हुए दिखा। पुलिस ने युवक की पहचान की तो पता चला वह विनोद महतो है, जो मासीआतो थाना बालूमाथ जिला लातेहार झारखंड का रहने वाला है। आरोपी की पहचान होने के बाद पुलिस टीम वहां पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर मासूम बच्ची को सही-सलामत वापस लेकर सिंगरौली आई।
बरगवां रेलवे स्टेशन से भागा आरोपी
मासूम बालिका का पिता मेहनत-मजदूरी करता है। 16 मई की रात को वह बेटी को लेकर बस स्टैंड मुसाफिरखाने में सोया हुआ था, उसी समय विनोद बालिका को लेकर भाग गया था। बताया जा रहा है आरोपी बालिका को लेकर ऑटो से माजन मोड़ पहुंचा, उसके बाद परसौना होते हुए बरगवां पहुंच गया। बरगवां से ट्रेन पकड़कर वह झारखंड चला गया, उसके बाद बालिका को लेकर अपने घर पहुंचा। आरोपी ने बालिका का अपहरण किस मकसद से किया, पुलिस इस विषय में पूछताछ कर रही है। आरोपी युवक पिछले पांच माह से कचनी में एक गैराज में काम कर रहा था।
महिला और ऑटो चालकों से मिली मदद
रात को सोते समय बीच शहर से मासूम बालिका का अपहरण हो जाना पुलिस के लिए किसी चुनौती से कम नहीं था। बालिका की तलाश में सक्रिय पुलिस टीम ने दर्जनों ऑटो चालकों से आरोपी के बारे में पूछताछ की तब जाकर उसका सुराग मिला। वहीं कचनी में रहने वाली एक महिला ने आरोपी युवक के बारे में पूरी जानकारी दी, तब जाकर पुलिस आरोपी युवक तक पहुंच पाई।
36 घंटे लगातार चली सर्चिग के बाद थाना प्रभारी माड़ा शिवपूजन मिश्रा की टीम आरोपी के घर पहुंची और बालिका को सुरक्षित लेकर वापस लौटी। एसपी शियाज केएम, एएसपी सर्वप्रिय सिन्हा के निर्देश पर की गई कार्रवाई में टीआई अशोक सिंह परिहार, अर्चना द्विवेदी, अनिल पटेल, ज्ञानेंद्र सिंह, एसआई संदीप नामदेव, पुष्पेंद्र धुर्वे, शीतला यादव, पवन सिंह, पप्पू सिंह, पंकज सिंह, जितेंद्र सेंगर सहित अन्य लोग शामिल थे।
माता-पिता के चेहरे खिले
मासूम बालिका के अपहरण के बाद से उसके माता-पिता बेहाल थे। अपने कलेजे के टुकड़े के अलग हो जाने से उनका रो-रो कर बुरा हाल था। सोमवार को पुलिस टीम जब बालिका को वापस लेकर आई और सही सलामत बेटी को उनके सुपुर्द किया तो माता-पिता की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। शहर में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों, इसके लिए पुलिस को सर्तक रहने की जरूरत है।
ये भी पढ़े-
Singrauli News : 12वीं पास करने वाले जिले के 1302 विद्यार्थियों को मिलेगा लैपटॉप
Singrauli News : तालाब में डूबने से दो मासूमों की मौत सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने पहुंचकर बंधाया ढांढस