Singrauli News : सरई थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कोनी में सोमवार को दर्दनाक हादसे में दो मासूम बच्चों की तालाब में डूबने से मौत हो गई। एक साथ दो घरों के चिराग बुझने से पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई और माहौल गमगीन हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम कोनी निवासी प्रमोद कुमार जायसवाल पिता संतोष कुमार जायसवाल एवं बलराम जायसवाल पिता राधेश्याम जायसवाल दोपहर के समय गांव के तालाब में नहाने गए थे। नहाते समय दोनों बच्चे गहरे पानी में चले गए और डूब गए। ग्रामीणों द्वारा तत्काल उन्हें बाहर निकालकर सरई अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
अस्पताल से लेकर गांव तक चीख-पुकार और मातम का माहौल बना रहा।घटना की जानकारी मिलते ही सीधी-सिंगरौली संसदीय क्षेत्र के सांसद डॉ. राजेश मिश्रा, सरई मंडल अध्यक्ष रामधनी यादव तथा बरगवां मंडल अध्यक्ष मंगल सिंह गांव पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिवारों से मुलाकात कर सांत्वना दी और हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने दोनों बच्चों के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की।ग्रामीणों ने उठाई सुरक्षा व्यवस्था की मांग घटना के बाद गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तालाबों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था एवं चेतावनी संकेत लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।पंचनामा कार्रवाई के उपरांत दोनों बच्चों का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
Singrauli News : अवैध शराब लेकर जा रही कार पलटी, 1.81 लाख की मदिरा जब्त