Singrauli Road Accident News : कुछ दिन पहले माड़ा-बंधौरा मार्ग पर खुटार के पास बाइक सवार दो सगे भाइयों को एक शिफ्ट बस ने टक्कर मार दिया था, जिसमें एक भाई की मौत हो गई और दूसरा भाई आज भी अस्पताल में भर्ती है। उक्त हादसे को लोग अभी भूल भी नहीं पाए थे कि बुधवार तड़के बनौली के पास फिर एक अज्ञात लोडिंग वाहन ने बाइक सवार एक युवक को टक्कर मारकर मौत के घाट उतार दिया। सड़क हादसे के बाद सड़क पर गिरे पड़े युवक अशर्फीलाल जायसवाल निवासी कसुंआ को पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया, जहां परीक्षण के बाद चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सड़क हादसे में युवक की मौत की जानकारी मिलने के बाद परिजन अस्पताल पहुंचे और शव लेकर घटना स्थल पर गए, जहां पर सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया। सुबह से शुरु हुआ चकाजाम शाम 5 बजे तक चलता रहा।
आए दिन खून से लाल हो रही सड़क
परसौना-माड़ा-बंधौरा मार्ग में आए दिन दर्दनाक सड़क हादसे हो रहे हैं और सड़क खून से लाल हो रही है, लेकिन आए दिन होने वाले सड़क हादसों को लेकर न तो जिला प्रशासन और न कंपनी प्रबंधन कोई रास्ता निकाल रहा है। सड़क पर जाम लगाए बैठे लोगों का कहना था कि परसौना बंधौरा मार्ग पर बिजली कंपनी के लोडिंग ट्रक चलते हैं। लोडिंग ट्रक अधिक चक्कर लगाने के चक्कर में इतनी तेज गति से चलते हैं कि उनके सामने अगर गलती से भी कोई आ गया तो उसकी मौत होना तय है। कोयला लोडिंग में लगे ट्रकों पर नियंत्रण लगाए जाने की मांग स्थानीय लोगों द्वारा की गई है। इस बीच मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।
15 घंटे बंद रहा मार्ग
परसौना-बंधौरा-माड़ा मार्ग के बीच बनौली के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे के बाद लोगों का गुस्सा कंपनी प्रबंधन और प्रशासन के प्रति फूट पड़ा। गुस्साए लोगों ने मृतक के शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। सुबह से शुरु हुआ विरोध प्रदर्शन शाम 5 बजे तक चलता रहा। इस बीच पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारियों ने बातचीत कर मामले को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन गुस्साये लोग किसी की बात सुनने को तैयार नहीं थे, सभी की मांग थी कि काल बनकर चलने वाले कोयला वाहनों पर रोक लगाई जाए। शाम 5 बजे किसी तरह से बातचीत के बाद परिजन तैयार हुए मृतक की पत्नी को आश्वासन दिया गया कि जिस कंपनी में वह काम करता था, उस कंपनी से हर माह 25 हजार रुपये गुजारा भत्ता, तीनों बच्चों का निजी स्कूल में दाखिला और खर्च उठाया जाएगा, हिट एंड रन मामले में मिलने वाली सहायता राशि दिलाई जाएगी, तब जाकर मामला शांत हुआ।
परिवार पर टूट पड़ा मुसीबत का पहाड़
बताया जा रहा है कि नौजवान युवक अशर्फीलाल जायसवाल निगाही स्थित एक निजी कंपनी में हेल्पर के पद पर कार्यरत था। रोज की तरह बुधवार को भी वह सुबह घर से ड्यूटी पर जाने के लिए निकला था। बाइक सवार युवक जब बनौली के पास पहुंचा, तभी कोयला लोड अज्ञात वाहन ने टक्कर मारकर मौत के घाट उतार दिया। मृतक अपने पीछे भरा पूरा परिवार छोड़ गया है, उसकी दो बेटियां, एक बेटा है। वहीं दो बड़े भाइयों के पूरे परिवार के पालन-पोषण की जिम्मेदारी उसी के ऊपर थी। मृतक के एक भाई की बीमारी के चलते कुछ साल पहले मृत्यु हो गई थी, दूसरे भाई की मृत्यु कुएं में गिरने से हो गई थी। अकेला अशर्फीलाल ही पूरे परिवार की जिम्मेदारी निभा रहा था, लेकिन अब वह भी दुनिया में नहीं रहा। उसकी मौत से मानो परिवार के ऊपर पूरा पहाड़ टूट पड़ा हो।
Singrauli Mahotsav में दिखेगी प्रतिभाओं की चमक, रंगोली और चित्रकला प्रतियोगिता का होगा आयोजन