Singrauli News: रिलायंस माइंस में मंगलवार की देर रात एक डंपर 200 मीटर गहरी खाई में गिर गया। ओवरबर्डन डपिंग के दौरान हुए इस हादसे में 160 टन क्षमता वाला डंपर खाई में जा गिरा। जिसमें डंपर ऑपरेटर गुरुफान अली गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिनकी बुधवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक गुरुफान अली उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले के निवासी थे।
दुर्घटनाग्रस्त डंपर का नंबर आरडी-27 था, जिसका संचालन गुमास्तु कंपनी द्वारा किया जा रहा था। घटना की सूचना मिलने के बाद नवानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
मृतक के भाई दिलशाद अली ने कंपनी प्रबंधन और रिलायंस पावर पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि गुरुफान अली ने कई बार परिवार और कंपनी प्रबंधन को डंपर की खराब स्थिति और उसके रखरखाव की आवश्यकता के बारे में सूचित किया था। इसके बावजूद कंपनी ने इस पर कोई ध्यान नहीं दिया। परिजनों का आरोप है कि डंपर के ब्रेक फेल होने के कारण यह हादसा हुआ, जिसके परिणामस्वरूप गुरुफान अली की जान चली गई।
नवानगर थाना प्रभारी ने बताया घटना के संबंध में शिकायत दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है। उन्होंने आश्वस्त किया कि यदि जांच में कंपनी प्रबंधन की लापरवाही सामने आती है, तो नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़े-
Singrauli News: 108 लीटर अवैध शराब पकड़ाई, तीन आरोपी गिरफ्तार
Singrauli News: तेंदूपत्ता तोड़कर लौट रही महिला की ट्रेन से कटकर हुई दर्दनाक मौत