Singrauli News: सिंगरौली जिले के बैढ़न थाना क्षेत्र अंतर्गत खुटार चौकी के देवरी मुख्य मार्ग पर बुधवार दोपहर हुए भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा करीब एक बजे उस समय हुआ जब तेज रफ्तार कैंपर वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
जानकारी के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक चालक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान कसर निवासी पवेंद्र शाह (30), पिता भुल्लू शाह के रूप में हुई है। वहीं बाइक पर पीछे बैठे अनुज सिंह (45), पिता गोपाल सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना भयावह था कि घायल अनुज सिंह का एक पैर कटकर अलग हो गया, जिससे उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। वहीं मृतक के सिर में गंभीर चोटें आई थीं।
हादसे के बाद सड़क पर हंगामा
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने कुछ समय के लिए सड़क पर हंगामा किया, जिससे क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर स्थिति को नियंत्रित किया।
पुलिस कर रही जांच
नगर पुलिस अधीक्षक उमेश प्रजापति ने बताया कि प्रारंभिक जांच में कैंपर वाहन की टक्कर से हादसा होना सामने आया है। पुलिस दुर्घटना में शामिल वाहन और उसके चालक की पहचान करने का प्रयास कर रही है। मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई शुरू कर दी गई है, जबकि घायल का उपचार डॉक्टरों की निगरानी में जारी है। मामले की जांच की जा रही है।
World Environment Day: इटार क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर गीला-सूखा कचरा अलग करने पर दिया जोर
Singrauli News: अवैध रेत भंडारण पर बड़ी कार्रवाई, देवसर के चकुआर में 160 घन मीटर रेत जब्त