Singrauli News: अतिक्रमण हटाने के विरोध में टॉवर पर चढ़े युवक का चार घंटे हाईवोल्टेज ड्रामा

Singrauli News: शहर के गनियारी में क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया, जब अतिक्रमण की कार्रवाई के विरोध में एक युवक बिजली के टॉवर पर चढ़ गया। शनिवार को अतिक्रमण दस्ता गनियारी स्थित पीजी कॉलेज की सरकारी भूमि पर काबिज अतिक्रमण को हटाने के लिए पहुंचा था। टॉवर पर चढ़े विद्युत टॉवर पर चढ़ा युवक।

युवक का कहना था कि जिस जमीन से अतिक्रमण हटाया जा रहा है, उसमें वह 30 से 35 साल पहले से काबिज है। अतिक्रमण हटाने के पहले उसे कोई नोटिस तक नहीं दिया गया। युवक हिमांशु सोनी के टॉवर पर चढ़ने से अतिक्रमण दस्ते के हाथ-पैर फूल गए। अनन-फानन में राजस्व और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे और युवक को टॉवर से नीचे उतरने के लिए मिन्नतें करने लगे। करीब चार घंटे चले हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद युवक इस शर्त पर टॉवर से नीचे उतरा कि उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी।

सरकारी जमीन पर तन गए मकान

जिस जमीन को अतिक्रमण मुक्त किया जा रहा है, वह जमीन सरकारी है और उस पर पीजी कॉलेज का निर्माण किया जा रहा है। पूर्व में दो दर्जन से अधिक अतिक्रमणों को हटाया जा चुका था। बचे हुए अतिक्रमणों को हटाने के लिए शनिवार को जब अतिक्रमण दस्ता पहुंचा और कब्जा हटाने लगा, उसी समय अतिक्रमण का विरोध करते हुए हिमांशु हाईटेंशन लाइन टॉवर पर चढ़ गया। युवक करीब 55 फीट ऊपर टॉवर में चढ़ गया था, जिसे नीचे उतारने के लिए स्थानीय लोगों और पुलिस को खासी मशक्कत करनी पड़ी।

पिता का बना है तीन मंजिला मकान

राजस्व अधिकारियों ने बताया कि हिमांशु सोनी के पिता का तीन मंजिला मकान बना हुआ है, साथ ही शहर के मुख्य बाजार में हार्डवेयर की दुकान है। उसके बाद भी सरकारी जमीन पर कब्जा किया हुआ है। तहसीलदार सविता यादव ने बताया कि पीजी कॉलेज की सरकारी जमीन पर 34 से अधिक अतिक्रमण थे, जिनमें से ज्यादातर को हटा दिया गया है। शेष बचे 12 अतिक्रमणों को हटाने की कार्रवाई की जा रही थी, तभी युवक द्वारा हंगामा कर दिया गया। उनका कहना है कि सरकारी जमीन पर जो लोग भी अवैध कब्जा किए हैं, उन सभी को हटाया जाएगा।

पक्की सड़क व बिजली के कनेक्शन

जिस सरकारी जमीन में अतिक्रमण कर मकान बनाए जाने की बात की जा रही है, उसी जमीन पर रह रहे लोगों की आवाजाही के लिए नगर निगम द्वारा पक्की सड़क बनाई गई है। वही मकानों में रह रहे लोगों को विधिवत बिजली कनेक्शन दिया गया है। ऐसे में लोग प्रशासन से सवाल कर रहे हैं कि जब सरकारी जमीन थी, तो सड़क, बिजली, पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं क्यों उपलब्ध कराई गई हैं। जब अतिक्रमण किया जा रहा था, तब जिम्मेदार लोगों द्वारा क्यों नहीं रोका गया था। मामला जो भी हो, लेकिन छोटी-छोटी बातों को लेकर हाईटेंशन लाइन टॉवर पर चढ़कर जान को जोखिम में डालना किसी के लिए उचित नहीं है।

सैकड़ों की संख्या में मौके पर जुटे लोग

टावर पर चढ़े युवक को देखने के लिए सैकड़ों की संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई थी। एकत्र भीड़ में से कोई मोबाइल पर वीडियो बनाने में व्यस्त था तो कोई प्रदर्शकारियों की हां में हां मिला रहा था। करीब 50 से 55 फीट ऊंचाई पर बैठे युवक से बातचीत करने के लिए पुलिस को लाउड स्पीकर का उपयोग करना पड़ा, तब जाकर युवक से बातचीत हो पाई।

Singrauli News: प्रताड़ना से परेशान महिला ने दुधमुंहे बेटे-बेटी संग खाया जहर, मां-बेटे की मौत

Leave a Comment