Singrauli News: नेपाल में तिरंगा लहराकर लौटे सिंगरौली के नन्हें कराटे चैंपियंस को कलेक्टर ने किया सम्मानित

Singrauli News: कलेक्टर गौरव बैनल ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में नेपाल की राजधानी काठमांडू में आयोजित 12वीं माउंट एवरेस्ट इंटरनेशनल कराटे चैंपियनशिप-2026 में देश और जिले का नाम रोशन करने वाले प्रतिभावान खिलाड़ियों से मुलाकात की और उन्हें इस ऐतिहासिक गौरव के लिए सम्मानित किया।

अंतरराष्ट्रीय मंच पर सात देशों की कड़ी चुनौती को पार कर सिंगरौली के लिटिल चैंपियंस ने शानदार खेल और प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए 2 स्वर्ण, 3 रजत और 5 कांस्य पदक सहित कुल 10 मेडल जीतकर जिला स्तर पर खेल इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ दिया है। कलेक्ट्रेट में आयोजित इस गरिमामयी सम्मान समारोह के दौरान कलेक्टर ने सभी नन्हें विजेताओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

खिलाड़ियों के उत्कृष्ट और अनुशासित प्रदर्शन की सराहना करते हुए कलेक्टर ने मुख्य कोच गणेश सिंह को जिले अंतर्गत के शासकीय स्कूलों और कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावासों में बच्चों को, विशेषकर बालिकाओं को, आत्मरक्षा के गुण सिखाने के लिए नियमित और व्यवस्थित कराटे प्रशिक्षण प्रदान करने के संबंध में योजना तैयार किए जाने हेतु निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मेडल जीतने वाले इन बच्चों की प्रतिभा का लाभ जिले के अन्य ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों के बच्चों को मिलना चाहिए, ताकि जमीनी स्तर से नई खेल प्रतिभाएं उभर सकें और उन्हें आगे बढ़ने का समान अवसर प्राप्त हो।

उल्लेखनीय है कि नेपाल की राजधानी काठमांडू के दशरथ रंगशाला खेल इनडोर स्टेडियम में 29 से 31 मई तक आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय चैंपियनशिप में सिंगरौली के बच्चों ने अपने अद्वितीय कौशल से विरोधी टीम के पसीने छुड़ा दिए। प्रतियोगिता में महज साढ़े छह वर्ष की नन्हीं खिलाड़ी संयुक्ता सिंह और सिगिनाम नित्याश्री ने अपनी श्रेणी में कड़े मुकाबलों के बाद देश के लिए स्वर्ण पदक जीता। इसी प्रकार उत्कृष्ट तकनीकी प्रदर्शन करते हुए शौर्य पिपलिया, अवनीश अग्रवाल और श्रेयाशी शर्मा ने रजत पदक पर कब्जा जमाया, जबकि साई कृष्णा आचार्य, मणिकर्णिका दुबे, आर्यांश भारद्वाज, प्रतिष्ठा सिंह राठौर और शुभी अग्रहरि ने कांस्य पदक जीतकर नेपाल की धरती पर भारतीय तिरंगे को गर्व से लहराया।

खिलाड़ियों की इस अभूतपूर्व और बड़ी सफलता में उनकी मुख्य कोच गणेश सिंह, कोच खुशबू साकेत और टीम मैनेजर नम्रता सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिनकी देखरेख में बच्चों ने समर्पण के साथ वर्षों की कड़ी मेहनत और अभ्यास से इस अंतरराष्ट्रीय मुकाम को हासिल किया है। सम्मान समारोह के दौरान कलेक्टर ने पूरी खेल यूनिट, प्रशिक्षकों और उपस्थित अभिभावकों को बधाई देते हुए आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन खेल सुविधाओं और बुनियादी ढांचे के विकास के लिए हर संभव सहयोग प्रदान करेगा, जिससे शासकीय स्कूलों और ग्रामीण अंचलों के बच्चों को भी खेल के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए एक वैश्विक मंच मिल सके।

Singrauli News: जयंत बस स्टैंड पर पलटी तेज रफ्तार कार, बाइक-स्कूटी को रौंदा, बड़ा हादसा टला

 Singrauli News: फिट इंडिया साइकिल रैली में उमड़ा जनसैलाब, बच्चों और महिलाओं ने दिया स्वास्थ्य व पर्यावरण संरक्षण का संदेश

Leave a Comment