Singrauli News: कलेक्टर गौरव बैनल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार वैढ़न में जिला स्तरीय टास्क फोर्स की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई, जिसमें आगामी 28 जून को आयोजित होने वाले राष्ट्रीय पल्स पोलियो प्रतिरक्षण अभियान की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में कलेक्टर ने स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, शिक्षा तथा राजस्व विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए जिले के शून्य से पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में विकासखंडवार माइक्रो प्लान की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने निर्देशित किया कि जिले के दूरस्थ एवं दुर्गम क्षेत्रों, निर्माण स्थलों तथा प्रवासी परिवारों के बच्चों को विशेष रूप से अभियान के दायरे में लाया जाए ताकि कोई भी बच्चा टीकाकरण से वंचित न रहे। उन्होंने बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, प्रमुख चौराहों तथा हाट-बाजारों जैसे सार्वजनिक स्थलों पर ट्रांजिट मोबाइल टीमों की तैनाती सुनिश्चित करने तथा दवाओं की उपलब्धता एवं कोल्ड चेन व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के निर्देश मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को दिए।
बैठक में बताया गया कि 28 जून को बूथ स्तर पर पोलियो की दवा पिलाई जाएगी। इसके पश्चात 29 एवं 30 जून को एएनएम, आशा तथा आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को कवर किया जाएगा। कलेक्टर ने इस हाउस-टू-हाउस गतिविधि की नियमित मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी ब्लॉक मेडिकल अधिकारियों को सौंपी।
कलेक्टर ने ग्रामीण क्षेत्रों में मुनादी, रैलियों एवं सोशल मीडिया के माध्यम से व्यापक जनजागरूकता गतिविधियां संचालित करने के निर्देश देते हुए कहा कि सभी अभिभावकों को अभियान की जानकारी समय पर उपलब्ध कराई जाए, जिससे अधिक से अधिक बच्चे पोलियो की खुराक प्राप्त कर सकें। बैठक के अंत में उन्होंने सीएमएचओ एवं टीकाकरण अधिकारियों को अभियान के सफल संचालन हेतु विस्तृत माइक्रो प्लान तैयार करने, संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों को समयबद्ध प्रशिक्षण प्रदान करने तथा आगामी बैठक में पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। बैठक में डॉ. पुष्पराज सिंह, डॉ. कल्पना रवि, डॉ. पंकज सिंह सहित स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास तथा जिला पंचायत के अधिकारी उपस्थित रहे।
NCL का ‘आरोहण 2026’ बना बच्चों की प्रतिभा का महाकुंभ, 4,700 विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा