Singrauli News: सिंगरौली जिले में राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) को पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी सिलसिले में आज कलेक्टर श्री गौरव बैनल और पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से विभिन्न नीट परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।
प्रशासनिक टीम द्वारा केन्द्रीय विद्यालय (जयंत कोलियरी), शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (जयंत), पीएम श्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (विंध्यनगर) तथा शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (बैढ़न) परीक्षा केंद्रों का बारीकी से जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा प्रबंधों, बैठक व्यवस्था और प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सभी केंद्र प्रभारियों को नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) के दिशा-निर्देशों और प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री गौरव बैनल ने परीक्षा की गोपनीयता और पारदर्शिता पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षार्थियों के प्रवेश के समय मेटल डिटेक्टर से सघन जांच और बायोमेट्रिक सत्यापन की प्रक्रिया में कोई चूक नहीं होनी चाहिए। भीषण गर्मी के मौसम को देखते हुए कलेक्टर ने सभी केंद्रों पर ठंडे पेयजल, पर्याप्त रोशनी, चालू पंखों और छायादार प्रतीक्षा कक्ष जैसी मूलभूत सुविधाएं अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराने को कहा। इसके साथ ही, किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए हर केंद्र पर आवश्यक दवाओं और ओआरएस पैकेट के साथ एक मेडिकल टीम तैनात रखने के भी निर्देश दिए गए।
सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा केंद्रों के बाहर और आसपास के क्षेत्रों में कड़े सुरक्षा घेरे बनाने के आदेश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा के दौरान केंद्रों के नजदीक अनधिकृत व्यक्तियों की आवाजाही और भीड़भाड़ पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। इसके अलावा, परीक्षार्थियों और उनके अभिभावकों की सुविधा के लिए यातायात पुलिस को केंद्रों के बाहर सुचारू वाहन पार्किंग और रूट मैनेजमेंट संभालने की जिम्मेदारी दी गई है, ताकि परीक्षा के दिन जाम की स्थिति निर्मित न हो। जिला प्रशासन का मुख्य उद्देश्य परीक्षार्थियों को एक सुरक्षित, तनावमुक्त और शांतिपूर्ण वातावरण प्रदान करना है।