Singrauli News: निवास चौकी अंतर्गत महुआगांव तिराहे पर गिट्टी लोड हाइवा ने एक बाइक सवार युवक को रौंद डाला। जिससे बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। उसके क्षत विक्षत शव व बाइक को देखकर हर किसी के रोंगटे खड़े हो जाते रहे। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने सड़क को जाम कर दिया। देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई।
जानकारी पर पहुंची पुलिस ने मृतक राजकुमार साहू पिता रामधनी साहू निवासी बंजारी (45) के परिजनों को समझाने का प्रयास बहुत किया लेकिन कोई मानने को तैयार नहीं था। परिजन 40 लाख रुपये मुआवजा व नौकरी की मांग पर अड़ रहे। भीड़ को देखते हुए एसडीओपी देवसर सरई व बरगवां, तिनगुड़ी चौकी की फोर्स
के साथ रात 8 बजे तक घटनास्थल पर जमी रहीं। उधर सरई तहसीलदार मृतक के परिजनों को समझाने के प्रयास में जुटे रहे। काफी देर तक चली बातचीत के बाद एक लाख रुपये मृतक के परिजनों को दिये गये, जिसके बाद परिजन शव सौंपने के लिए तैयार हुए। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
फरार हो गया हाइवा चालक
हादसे के बाद हाइवा चालक वाहन खड़ा कर फरार हो गया है। पुलिस ने चालक के विरुद्ध बीएनएस की धारा-281 व 106 के तहत मामला दर्ज कर उसकी तलाश में जुटी है। परिजनों ने बताया मृतक राजकुमार साहू घर से लगभग साढ़े 11 बजे महुआगांव स्थित बैंक जाने के लिए निकला था। कुछ देर बाद जानकारी मिली कि उसका तिराहे पर एक्सीडेंट हो गया है।
हाइवा ने कार में मारी टक्कर तो गुस्साए कार चालक ने शीशा तोड़ा
जियावन थाना क्षेत्र स्थित एनएच के पूर्वी बायपास पर कार व हाइवा के बीच टक्कर हो गई। जिससे गुस्साया कार चालक डंडा लेकर हाइवा चालक के साथ विवाद करने लगा। चालक द्वारा नीचे न उतरने पर उसने हाइवा का शीशा तोड़ दिया। काफी देर तक चले इस विवाद के कारण आवागमन बाधित रहा।
लोगों के समझाने-बुझाने के बाद कार चालक किसी तरह शांत हुआ। स्थानीय लोगों की मानें तो सड़क पर जगह-जगह गिट्टी बालू गिरा दिया गया है, जिसके कारण सड़क संकरी हो गई है। जिससे आए दिन वाहनों में टक्कर होने की घटनाएं होती रहती हैं। आज भी हुआ विवाद उसी कारण हुआ है, इसलिए पुलिस को सड़क पर हुए अतिक्रमण को हटवाना चाहिए।
मॉडल रोड पर पड़े मलबे के कारण स्कॉर्पियो हुई दुर्घटनाग्रस्त
शनिवार की शाम जिला मुख्यालय वैढ़न में मॉडल रोड पर नगर निगम कार्यालय के सामने एक हादसा हो गया। दरअसल, यहां सड़क से उखाड़ी गई डामर की लेयर का मलबा सड़क पर खुले में ढेर लगा हुआ था। ऐसे में सड़क से गुजर रही एक स्कॉर्पियो अचानक अनियंत्रित होकर मलबे के ढेर में चढ़कर टेढ़ी हो गई।
इस दुर्घटना के दौरान उस पर सवार लोगों के कुछ देर के लिए होश ही उड़ गए, हालांकि राहत की बात यह रही कि हालात इससे अधिक बिगड़ने नहीं पाये और स्कॉर्पियो गिरी नहीं। जिससे उस पर सवार लोग बाल-बाल बच गये, वर्ना बड़ा हादसा हो सकता था। वहीं, हादसा देख आसपास के लोग मौके पर दौड़े चले आये और सबको सुरक्षित देखकर सभी ने राहत की सांस ली। वहीं, लोगों ने सड़क पर खुले में लगाये गये मलबे के ढेर को लेकर संविदाकार पर लापरवाही के आरोप लगाते हुये नाराजगी भी जतायी।
Father’s Day पर शिवांगी गुप्ता की भावुक कविता, “पिता का स्नेह” को बताया भगवान का रूप
Singrauli News: अतिक्रमण हटाने के विरोध में जान देने के लिए पेड़ पर चढ़ा युवक