International Yoga Day: मध्य प्रदेश शासन के निर्देशानुसार सिंगरौली जिले में सामूहिक योग कार्यक्रम का वृहद, भव्य और ऐतिहासिक आयोजन किया गया। जिले का मुख्य जिला स्तरीय कार्यक्रम प्रसिद्ध पर्यटन स्थल इको पार्क, माड़ा की सुरम्य पहाड़ियों और प्राकृतिक वादियों के बीच आयोजित हुआ। यहाँ प्रकृति की गोद में हजारों की संख्या में उमड़े नागरिकों, युवाओं और बच्चों ने एक साथ योगाभ्यास कर पूरी दुनिया को स्वस्थ, सकारात्मक और तनावमुक्त जीवन जीने का सशक्त संदेश दिया।
सुबह की पहली किरण के साथ ही पूरा माड़ा इको पार्क परिसर “योग करें, निरोग रहें” और “वसुधैव कुटुंबकम के लिए योग” के नारों से गुंजायमान हो उठा। इस गरिमामय और भव्य कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मध्य प्रदेश शासन की पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की राज्य मंत्री श्रीमती राधा सिंह उपस्थित रहीं। विशिष्ट अतिथियों में देवसर विधायक श्री राजेंद्र मेश्राम , सिंगरौली विधायक श्री रामनिवास शाह, कलेक्टर श्री गौरव बैनल और पुलिस अधीक्षक श्री सियाज़ के एम , नगर निगम अध्यक्ष श्री देवेश पांडे और भाजपा जिला अध्यक्ष श्री सुंदर लाल शाह, सीईओ जिला पंचायत श्री जगदीश गोमे, एसडीएम माडा नंदन तिवारी की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इस भव्य आयोजन में प्रशासनिक अमले ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सहित जिले के तमाम वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी, राजस्व अमला, विभिन्न विभागों के कर्मचारी और भारी संख्या में स्कूली व कॉलेज के छात्र-छात्राएं इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बने और सबने मिलकर योगाभ्यास किया। योग विशेषज्ञों और कुशल प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में उपस्थित सभी जनों ने निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार ताड़ासन, वृक्षासन, पादहस्तासन, वज्रासन, उष्ट्रासन, भुजंगासन सहित विभिन्न आसनों, कपालभाति, अनुलोम-विलोम प्राणायाम और ध्यान (मेडिटेशन) का सामूहिक अभ्यास किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि राज्य मंत्री श्रीमती राधा सिंह ने उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं है, बल्कि यह शरीर, मन, बुद्धि और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करने का एक संपूर्ण जीवन दर्शन है। उन्होंने भागदौड़ भरी आधुनिक जीवनशैली में मानसिक शांति और उत्तम स्वास्थ्य के लिए योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का अनिवार्य हिस्सा बनाने का पुरजोर आह्वान किया। उल्लेखनीय है कि इस मुख्य जिला स्तरीय कार्यक्रम के समानांतर ही सिंगरौली जिले के सभी विकासखण्डों, नगरीय निकायों, शैक्षणिक संस्थानों तथा सुदूर ग्राम पंचायत स्तर पर भी सामूहिक योग के व्यापक और जमीनी कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन स्थानीय कार्यक्रमों में भी ग्रामीण और शहरी आम जनमानस ने अभूतपूर्व उत्साह के साथ भाग लेकर जिले में योग के प्रति एक नई चेतना और जागरूकता का संचार किया।
Singrauli News: एनसीएल में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर उत्साहपूर्वक आयोजित हुए योग कार्यक्रम