Singrauli News: सिंगरौली जिले के मोरवा थाना क्षेत्र में शनिवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। राधा-कृष्ण मंदिर दर्शन के लिए जा रहे एक छात्र और छात्रा की बाइक बिरकुनिया के पास अचानक अनियंत्रित होकर फिसल गई। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल मानवता का परिचय देते हुए दोनों घायलों को एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार शुरू किया।
चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के बाद युवक की हालत गंभीर बताते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया। वहीं छात्रा का उपचार स्थानीय अस्पताल में जारी है।
सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और दुर्घटना स्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि बाइक की रफ्तार अधिक होने या सड़क पर संतुलन बिगड़ने के कारण यह हादसा हुआ। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।