Singrauli News : नगर निगम आयुक्त ने की विभागीय कार्यों की समीक्षा

Singrauli News : नगर पालिक निगम सिंगरौली की आयुक्त श्रीमती सविता प्रधान ने विभिन्न विभागों की कार्यप्रगति की विस्तृत समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। बैठक के दौरान उन्होंने जनहित से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देने और पूर्व में दिए गए निर्देशों का कड़ाई से पालन करने की बात कही। आयुक्त ने विशेष रूप से निर्देश दिया कि सीएम हेल्पलाइन की 50 और 100 दिनों से लंबित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए, जिसकी नियमित मॉनिटरिंग उपायुक्त एवं कार्यपालन यंत्री करेंगे। इसके साथ ही, राजस्व वसूली की प्रगति को गति देने के लिए अब प्रतिदिन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा की जाएगी और लापरवाही रोकने के लिए सभी वार्ड प्रभारियों के व्यक्तिगत प्रदर्शन का मूल्यांकन होगा।

जल संरक्षण और जनसुविधाओं पर जोर देते हुए श्रीमती प्रधान ने नगर निगम क्षेत्र के सभी आवासीय और व्यावसायिक भवनों में शत-प्रतिशत रेन वाटर हार्वेस्टिंग प्रणाली अनिवार्य करने तथा निगम कार्यालय परिसर में आगंतुकों के लिए दो महिला एवं दो पुरुष शौचालयों का तत्काल निर्माण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने जल गंगा संवर्धन अभियान के कार्यों को अनिवार्य रूप से संबंधित पोर्टल पर दर्ज करने, स्वच्छता सर्वेक्षण के कार्यों की सतत निगरानी कर गुणवत्ता बनाए रखने, सभी सफाई कर्मियों के लिए निर्धारित यूनिफॉर्म में कार्य करना अनिवार्य करने तथा आधुनिक गौशाला के निर्माण हेतु विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन तैयार करने के निर्देश दिए।

जल प्रदाय व्यवस्था की समीक्षा के दौरान उन्होंने वार्ड इंजीनियरों को ऐसे क्षेत्रों की पहचान करने के निर्देश दिए जहां पाइपलाइन से पेयजल आपूर्ति नहीं हो रही है, ताकि वहां के वर्तमान जल स्रोतों की पर्याप्तता जांची जा सके। बैठक में उपायुक्त श्री आर.पी. बैस, कार्यपालन यंत्री श्री संतोष पाण्डेय, लेखाधिकारी श्री अनुपम दुबे सहित सभी सहायक आयुक्त, सहायक यंत्री एवं उपयंत्री मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

Singrauli News: सीएम डॉ. यादव ने 24 लाख महिलाओं के खातों में गैस रीफिल के लिए 115 करोड़ रुपये किये ट्रांसफर

Leave a Comment