Bank Robbery: सिंगरौली जिला मुख्यालय स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र में हुई डकैती के मामले में पुलिस जांच में लगातार नए खुलासे हो रहे हैं। अब पुलिस कार्रवाई में सिंगरौली पुलिस ने उड़ीसा की कुचिंदा जेल और बिहार की बेऊर जेल तक दबिश देकर कई अहम सुराग जुटाए हैं।
इस बावत पुलिस अधीक्षक सिंगरौली मनीष खत्री ने जानकारी साझा की है कि बीते दिन गिरफ्तार किए गए आरोपी चन्दन उर्फ चईया यादव और गुलशन निवासी खीरूबिगहा थाना नगरनौसा जिला नालंदा से पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। दोनों आरोपियों को सिंगरौली पुलिस ने न्यायालय से 7 दिन की पुलिस रिमांड पर लिया था। जिसके बाद पूछताछ में सामने आया कि आरोपी फंटूस ने इनके माध्यम से डेढ़ लाख रुपये नगद और अन्य सामग्री उड़ीसा की कुचिंदा उप जेल में बंद पीयूष जायसवाल तक पहुंचाई थी।
इसी जानकारी के आधार पर मंगलवार तड़के करीब 5 बजे सिंगरौली पुलिस टीम ने डिप्टी कलेक्टर कुचिंदा एवं स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर कुचिंदा उप जेल में दबिश दी। यहां पीयूष जायसवाल के बिस्तर से 25,896 रुपये नगद बरामद किए गए, वहीं बैरक नंबर 03 से एक छोटा मोबाइल फोन और कुछ दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं।
वहीं इस पूरे गिरोह के सरगना सुबोध सिंह जो वर्तमान में बेऊर जेल में बंद है, उससे जुड़े साक्ष्य जुटाने के लिए वहां भी दबिश दी गई। पुलिस को बेऊर जेल से भी कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज हाथ लगे हैं, जिनके आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि अब इस मामले में अंतरराज्यीय नेटवर्क की पुष्टि हो रही है और डकैती की साजिश जेल से संचालित होने के ठोस संकेत मिले हैं। पुलिस के अनुसार विवेचना लगातार जारी है और जल्द ही इस मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
ये भी पढ़े-
Singrauli News: शहर में लगे ट्रैफिक सिग्नल की दो दर्जन बैटरी चुराकर ले गए चोर