सिंगरौली। नगर निगम की अनियमितताओं और किसानों की गंभीर समस्याओं को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी सिंगरौली कार्यालय में एक महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने नगर निगम प्रशासन और प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए शहर अध्यक्ष प्रवीण सिंह चौहान ने कहा कि नगर निगम सिंगरौली पूरी तरह भ्रष्टाचार में डूब चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि शहर की सड़कों की हालत बेहद खराब है, सरकारी प्लॉटों का अनैतिक तरीके से आवंटन किया जा रहा है और सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है।
उन्होंने कहा कि सफाई कंपनियां और संविदाकार केवल भुगतान ले रहे हैं, जबकि जमीनी स्तर पर शहर के अधिकांश इलाकों में कूड़ा-कचरा फैला हुआ है। नगरवासियों की लगातार शिकायत है कि कचरा उठाने वाली गाड़ियां नियमित रूप से नहीं पहुंच रही हैं।
प्रवीण सिंह चौहान ने आगे बताया कि D2 आवास पर अवैध कब्जा अब तक नहीं हटाया गया है। इसके अलावा अवैध शराब दुकानों की स्थापना जैसे गंभीर मुद्दों पर भी नगर सरकार पूरी तरह विफल रही है।
किसानों के मुद्दे पर उन्होंने प्रदेश सरकार को घेरते हुए कहा कि गेहूं उपार्जन को लेकर सरकार गंभीर नहीं है। बार-बार तिथियां बढ़ाई जा रही हैं, लेकिन उपार्जन की प्रक्रिया अभी तक सुचारू रूप से शुरू नहीं हो पाई है। इसके चलते आर्थिक संकट से जूझ रहे किसान अपनी उपज औने-पौने दामों पर बेचने को मजबूर हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि बैंक ऋण नहीं चुका पाने के कारण बड़ी संख्या में किसान डिफॉल्टर हो रहे हैं, जिससे भविष्य में उन्हें ऋण मिलने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा।
स्मार्ट मीटर को लेकर भी कांग्रेस ने सवाल उठाए। उनका कहना था कि स्मार्ट मीटर तेजी से चल रहे हैं, जिससे आम जनता पर बिजली बिल का अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है, लेकिन सरकार इस ओर पूरी तरह उदासीन बनी हुई है।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि इन सभी मुद्दों को लेकर 10 अप्रैल 2026 को नगर निगम कार्यालय का घेराव किया जाएगा। यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो व्यापक जन आंदोलन शुरू किया जाएगा।
प्रेस वार्ता में ज्ञानेंद्र द्विवेदी, रामअशोक शर्मा, विजय सिंह, सुरेश दुबे, नरेंद्र चंद्र सिंह, अनिल सिंह, राघवेंद्र श्रीवास्तव, पंकज पाण्डेय एवं सुदामा कुशवाहा सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इस संबंध में जानकारी जिला आईटी सेल अध्यक्ष विवेक सिंह बघेल द्वारा दी गई।