New Traffic Rules: देशभर में सड़क सुरक्षा को लेकर सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। 1 जनवरी 2026 से लागू हुए नए ट्रैफिक नियमों के तहत अब बार-बार नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। नए नियमों के अनुसार, यदि किसी वाहन पर एक साल के भीतर 5 या उससे ज्यादा चालान कटते हैं, तो संबंधित ड्राइवर का ड्राइविंग लाइसेंस सीधे रद्द (Cancel) कर दिया जाएगा।
क्या है ‘5 चालान’ वाला नया नियम?
इस नियम को आम भाषा में ‘5 का पंजा’ कहा जा रहा है। इसका मतलब साफ है कि अगर आपने एक साल में पांच बार ट्रैफिक नियम तोड़े, तो आपको सिर्फ जुर्माना भरकर छुटकारा नहीं मिलेगा। पहले जहां लाइसेंस कुछ समय के लिए सस्पेंड किया जाता था, अब उसे पूरी तरह रद्द किया जा सकता है। यह कदम खासतौर पर ओवरस्पीडिंग, रेड लाइट जंप और खतरनाक ड्राइविंग जैसी गलतियों को रोकने के लिए उठाया गया है।
पेंडिंग चालान पर गाड़ी होगी ब्लैकलिस्ट
नए नियमों में सिर्फ चालान की संख्या ही नहीं, बल्कि पेंडिंग चालान भी बड़ी समस्या बन सकते हैं। अगर किसी वाहन पर पुराने चालान बकाया हैं, तो उस गाड़ी को ब्लैकलिस्ट कर दिया जाएगा। ब्लैकलिस्ट होने के बाद वाहन मालिक कई जरूरी सेवाओं का लाभ नहीं ले पाएगा।
इन सेवाओं में गाड़ी का ओनरशिप ट्रांसफर, एड्रेस अपडेट, फिटनेस सर्टिफिकेट, परमिट और लोन (हाइपोथिकेशन) हटाने जैसे काम शामिल हैं। जब तक सभी चालान का भुगतान नहीं किया जाता, तब तक केवल टैक्स भुगतान के अलावा कोई भी काम संभव नहीं होगा।
अब जिम्मेदारी वाहन मालिक की
नए नियमों के तहत एक और बड़ा बदलाव किया गया है। पहले ट्रैफिक विभाग को यह साबित करना होता था कि ड्राइवर ने नियम तोड़ा है। लेकिन अब यह जिम्मेदारी वाहन मालिक पर डाल दी गई है। यदि चालान जारी होता है, तो आपको यह साबित करना होगा कि उस समय गाड़ी आप नहीं चला रहे थे या नियम का उल्लंघन नहीं हुआ था।
गाड़ी जब्त करने का भी अधिकार
अगर किसी वाहन पर लगातार चालान बकाया रहते हैं, तो ट्रैफिक अधिकारी सड़क पर ही गाड़ी को रोककर जब्त कर सकते हैं। यह कदम उन लोगों के लिए चेतावनी है, जो चालान को नजरअंदाज करते रहते हैं।
सड़क सुरक्षा के लिए जरूरी कदम
सरकार का मानना है कि इन सख्त नियमों से सड़क हादसों में कमी आएगी और लोग ट्रैफिक नियमों का पालन करने के लिए मजबूर होंगे। हालांकि, आम जनता के लिए यह जरूरी हो गया है कि वे नियमों का पालन करें और समय पर चालान का भुगतान करें।
ऑनलाइन खाना मांगना हुआ महंगा, Zomato ने बढ़ाई प्लेटफॉर्म की फीस