Singrauli News: चितरंगी पुलिस ने पशु तस्करी पर कसा शिकंजा, 21 भैंस बरामद, ट्रक जब्त

Singrauli News: पुलिस अधीक्षक शियाज के.एम. के निर्देशन में चितरंगी पुलिस ने पशु तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 21 नग भैंस एवं पाड़ा बरामद कर एक ट्रक वाहन जब्त किया है। मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिंहा एवं एसडीओपी राहुल सैयाम के मार्गदर्शन में थाना चितरंगी पुलिस क्षेत्र में रात्रि गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ट्रक क्रमांक MP 53GA 3288 में पशुओं को क्रूरता पूर्वक भरकर ले जाया जा रहा है।
सूचना पर पुलिस टीम ने बैरदह तिराहे के पास घेराबंदी कर ट्रक को रोका। तलाशी के दौरान ट्रक के डाले में भैंस एवं पाड़ों के गर्दन और पैर नायलॉन की रस्सियों से बंधे मिले, जिससे वे उठ भी नहीं पा रहे थे। पूछताछ में चालक ने बताया कि सभी पशुओं को उत्तर प्रदेश के ड्रामलगंज ले जाया जा रहा था।

पुलिस ने मामले में ट्रक चालक सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के नाम ताजुद्दीन खान उम्र 20 वर्ष, अरबाज खान उम्र 20 वर्ष एवं अनवर खान उम्र 18 वर्ष निवासी कोदौरा थाना अमिलिया जिला सीधी बताए गए हैं।

पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध पशु क्रूरता अधिनियम एवं म.प्र. पशु कृषक परीक्षण अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर 21 पशुओं को सुरक्षित रखवाते हुए उनका चिकित्सीय परीक्षण कराया। वहीं ट्रक वाहन MP 53GA 3288 को भी जब्त कर थाना चितरंगी में खड़ा कराया गया है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सुधेश तिवारी, उपनिरीक्षक रमेश प्रसाद साकेत, सतीष दीक्षित, आरक्षक अमलेश सिंह, मुकेश पाण्डेय एवं राजेश मिश्रा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Comment