Singrauli News: सिंगरौली जिले को बाल श्रम मुक्त बनाने के संकल्प के तहत प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। कलेक्टर गौरव बैनल के निर्देश पर श्रम विभाग की टीम ने शहर में संचालित पानी वितरण कार्य की आकस्मिक जांच की, जिसमें अनैतिक रूप से काम कर रहे तीन बाल श्रमिकों को रेस्क्यू किया गया। कार्रवाई के बाद संबंधित नियोक्ताओं के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
रेस्क्यू किए गए बच्चों को तत्काल संरक्षण में लेकर बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया गया। समिति द्वारा बच्चों की काउंसलिंग कर उन्हें शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने की प्रक्रिया शुरू की गई है, ताकि उनका भविष्य सुरक्षित किया जा सके। श्रम विभाग के अनुसार नियोक्ताओं द्वारा श्रम कानूनों का उल्लंघन पाया गया है, जिसके चलते बाल श्रम निषेध एवं नियमन अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बाल श्रम को बढ़ावा देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि 14 वर्ष से कम आयु के बच्चों को किसी भी कार्य में न लगाएं। यदि कहीं बाल श्रम की जानकारी मिले, तो तत्काल संबंधित विभाग को सूचित करें।
ये भी पढ़े-