Singrauli News: 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मायाराम महाविद्यालय सिंगरौली द्वारा व्यापक पौधारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व महाविद्यालय की प्रबंध समिति के अध्यक्ष बद्रीनारायण बैस के मार्गदर्शन में किया गया।
इस अवसर पर महाविद्यालय परिवार ने क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में पौधारोपण अभियान चलाया। अभियान के तहत दिव्य संस्कार कुसवई विद्यालय, आदर्श गंगा मढौली, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय करेला, गोरबी, खरकटा, केंद्रीय विद्यालय सिंगरौली, सरस्वती शिशु मंदिर गोरबी तथा संदीपनी विद्यालय बरगवां में फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया गया। प्रत्येक विद्यालय में दो-दो फलदार वृक्ष लगाए गए तथा महाविद्यालय परिसर में भी विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे गए।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण बढ़ाने तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। महाविद्यालय के प्राध्यापकों एवं अतिथि वक्ताओं ने पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में वृक्षों की महत्ता पर प्रकाश डाला और सभी से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी देखभाल करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने पर्यावरण को स्वच्छ एवं सुरक्षित रखने का संकल्प लिया। महाविद्यालय प्रबंधन ने भविष्य में भी जनहित एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े ऐसे जागरूकता कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करने की बात कही।