Singrauli News: विश्व साइकिल दिवस के गरिमामयी अवसर पर सिंगरौली जिले में “मंडे ऑन साइकिल” अभियान का भव्य आयोजन किया जा रहा है। राज्य स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) एवं राज्य शिक्षा केंद्र, भोपाल के प्राप्त निर्देशों के परिपालन में यह जिला स्तरीय कार्यक्रम 7 जून 2026 को प्रातः 7:00 बजे से राजमाता चून कुमारी स्टेडियम, बैढ़न में आयोजित किया जाएगा।
इस विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य नागरिकों में साइकिल के उपयोग के प्रति जागरूकता बढ़ाना, कार्बन उत्सर्जन को कम कर पर्यावरण संरक्षण को प्रोत्साहित करना तथा समाज में स्वस्थ जीवनशैली के प्रति एक सकारात्मक संदेश प्रसारित करना है।
कार्यक्रम के सफल, सुव्यवस्थित और प्रभावी संचालन के लिए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई हैं। इस पूरे अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए जिला शिक्षा अधिकारी, सिंगरौली को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है, साथ ही जिला प्रशासन द्वारा विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक जिम्मेदारियां और दायित्व सौंपे गए हैं।
जिला प्रशासन ने सिंगरौली जिले के सभी सम्मानीय जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, छात्र-छात्राओं तथा आम नागरिकों से इस जन-जागरूकता कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने की अपील की है, ताकि पर्यावरण संरक्षण एवं स्वास्थ्य संवर्धन के इस पुनीत संकल्प को पूरी तरह सफल बनाया जा सके।