Singrauli News: रिलायंस कोल माइंस में पीसी ऑपरेटर की मौत, परिजनों का गेट पर प्रदर्शन, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

Singrauli News: सिंगरौली जिले की रिलायंस कोल माइंस में एक बार फिर बड़ा हादसा सामने आया है। कार्य के दौरान एक श्रमिक की दर्दनाक मौत हो गई, जिसके बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है। मृतक की पहचान इंद्रभान यादव, निवासी सिद्धि कला के रूप में बताई जा रही है, जो कंपनी में पीसी ऑपरेटर के पद पर कार्यरत था।

मिली जानकारी के अनुसार हादसा ड्यूटी के दौरान हुआ। घटना के बाद मृतक के परिजन रिलायंस कंपनी के मुख्य गेट पर पहुंच गए और कंपनी प्रबंधन के खिलाफ विरोध जताने लगे। परिजनों का आरोप है कि हादसे के बाद कंपनी प्रबंधन ने करीब दो घंटे से अधिक समय तक शव को कंपनी परिसर में ही रखा और मामले को दबाने का प्रयास किया। उनका कहना है कि बाद में आनन-फानन में मृतक को ट्रामा सेंटर लाया गया।

घटना की सूचना फैलते ही क्षेत्र में चर्चा का माहौल बन गया। परिजनों ने कंपनी की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि सुरक्षा मानकों का सही तरीके से पालन नहीं किए जाने के कारण यह हादसा हुआ है। उनका कहना है कि यदि कार्यस्थल पर पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम होते तो श्रमिक की जान बचाई जा सकती थी।

मृतक के परिजनों ने घटना की निष्पक्ष जांच, जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई और उचित मुआवजे की मांग की है। वहीं हादसे के बाद कंपनी गेट पर तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण मौके पर मौजूद रहे।

फिलहाल घटना को लेकर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा जानकारी जुटाई जा रही है। हादसे के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा। कंपनी प्रबंधन की ओर से समाचार लिखे जाने तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया था।

इस घटना ने एक बार फिर औद्योगिक क्षेत्रों में श्रमिकों की सुरक्षा और कंपनियों की जवाबदेही को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिले में लगातार औद्योगिक हादसे सामने आ रहे हैं, लेकिन सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है।

Singrauli News: अवैध खनिज परिवहन पर प्रशासन की सख्त कार्रवाई, चार वाहन जप्त

Leave a Comment