Singrauli News: शाम ढलते ही गनियारी तालाब में सज जाती है असामाजिक तत्वों की महफिल

Singrauli News:शहर के बीचोबीच स्थित गनियारी तालाब और आसपास रहने वाले लोग क्षेत्र में चल रही अनैतिक गतिविधयों से परेशान हैं। शाम ढलते ही गनियारी तालाब और आसपास के क्षेत्र में असामाजिक तत्वों का जमघट लगना शुरु हो जाता है, जो देर रात तक लगा रहता है।

स्थानीय रहवासियों की मानें तो रात के समय लोग तालाब की सीढियों में बैठकर शराब व अन्य नशीली वस्तुओं का बेखौफ उपयोग करते हैं। शराब के नशे में कई बार वाद-विवाद तक मोहल्ले के लोगों से करने लगते हैं। नशे का अड्डा बनते जा रहे तालाब के आसपास शाम के बाद कोई जाने की हिम्मत नहीं करता है। स्थानीय लोगों द्वारा कई बार पुलिस से शिकायत की गई, लेकिन तत्वों के खिलाफ किसी तरह की कार्रवाई नहीं की जा सकी है।

वार्ड के वॉट्सएप ग्रुप में शिकायतें

गनियारी तालाब शहर के वार्ड-41 में स्थित है। वार्ड के लोगों की समस्याओं और शिकायतों के लिए वार्ड पार्षद द्वारा वॉट्सएप गुरप बनाया गया है, जिसमें वार्ड के रहवासियों के अलावा पुलिस अधिकारी भी जुड़े हुए हैं।

ग्रुप में पुलिस अधिकारियों के जुड़े होने से वार्ड के लोग रात में गनियारी तालाब में सजने वाली महफिल की फोटो और वीडियो इस उम्मीद से भेजते हैं कि पुलिस अधिकारी देखकर उसमें एक्शन लेंगे, लेकिन वीडियो फोटो देखने के बाद भी पुलिस अधिकारियों द्वारा तालाब में चलने वाली अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ कोई एक्शन नहीं लिया जाता है, जिससे वार्ड के लोग नाराज हैं।

देर रात तक लगा रहता है जमघट

वार्ड के रहवासियों की मानें तो गनियारी तालाब में देर रात तक असामाजिक तत्वों का जमघट लगा रहता है। तालाब के आसपास अंधेरा होने का फायदा उठाकर लोग अनैतिक गतिविधियों को अंजाम दे रहे हैं। आलम यह है कि शाम के बाद तालाब की तरफ महिलाएं जाती नही हैं, क्योंकि तालाब में बैठे तत्व कई बार महिलाओं के साथ अभद्रता कर चुके हैं। स्थानीय लोगों की तानें तो रात 2 बजे तक तत्वों की आवाजाही तालाब के आसपास रहती है।

पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग

वार्ड-41 गनियारी तालाब के आसपास रहने वाले लोग क्षेत्र में चलने वाली अनैतिक गतिविधियों से परेशान हैं। स्थानीय लोग रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाए जाने की मांग कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि पुलिस कभी कभार आती है, जिसकी जानकारी तत्वों को लगती है तो वे पुलिस के पहुंचने से पहले ही भाग निकलते हैं। तालाब क्षेत्र में जमघट लगाने वालों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई किए जाने की मांग स्थानीय लोगों द्वारा की गई है। वहीं रात के समय क्षेत्र में नियमित रुप से पुलिस गश्त किए जाने की मांग की है।

क्या कहते हैं वार्डवासी?

गनियारी तालाब में रात होते ही असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगना शुरु हो जाता है, जो देर रात तक चलता रहता है। तालाब के आसपास अनैतिक गतिविधियां होने से मोहल्ले के लोग शाम के बाद तालाब की तरफ जाना बंद कर दिए हैं।

गोलू जायसवाल, गनियारी

तालाब के आसपास अंधेरा रहता है, जिसका फायदा उठाकर असामाजिक तत्व यहां जमा होते हैं। तालाब को शराबखोरी का अड्डा बना दिया गया है। क्षेत्र में बढ़ रही अनैतिक गतिविधियों पर रोक लगाना चाहिए ताकि वार्डवासी आराम से रह सकें।

अर्पित जायसवाल, गनियारी

रात के समय पुलिस गश्त बढ़ा दी जाए और तालाब क्षेत्र में नियमित जांच की जाए तो असामाजिक तत्वों का बैठना अपने आप बंद हो जाएगा। रात के समय दर्जनों लोग गुरप बनाकर तालाब की सीढियों में बैठे रहते हैं।

विकास गुप्ता, गनियारी

ये भी पढ़े-

Singrauli News: चुरकी गांव के बधार में मिला अज्ञात महिला का शव, पहचान न होने पर मोरवा पुलिस ने कराया अंतिम संस्कार

Satana News: रीवा में रंगरलियां मनाते पकड़े गए सतना के वन परिक्षेत्र अधिकारी

Leave a Comment