Singrauli News: कुछ दिन पहले माड़ा थाना क्षेत्र में अवैध शराब की तस्करी और बिक्री को लेकर दो शराब ठेकेदारों के बीच खूनी संघर्ष हुआ था। कई दिनों तक माड़ा और वैढ़न में घटना को लेकर तनाव के हालात बने हुए थे। मामला अभी शांत भी नहीं हुआ कि रविवार को फिर से माड़ा क्षेत्र में अवैध शराब तस्करी का मामला सामने आया। बताया जा रहा है कि एक बाइक में सवार होकर दो युवक शराब की खेप लेकर जा रहे थे।
माड़ा के कोयलखूथ के पास लोगों को संदेह हुआ तो बाइक सवार दोनों युवकों को पब्लिक ने रोका तो ये बीच सड़क में शराब की पेटियां छोड़कर फरार हो गए। ग्रामीणों ने बताया कि बाइक सवार युवक रजमिलान से माड़ा की तरफ जा रहे थे। ग्रामीणों द्वारा शराब तस्करी की सूचना पुलिस को दी गई, पुलिस मौके पर पहुंचकर शराब और बाइक को जब्त कर लिया है।
पुलिस कर रही जांच
ग्रामीणों द्वारा पकड़ी गई अवैध शराब को कब्जे में लेने के बाद माड़ा थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि शराब तस्करों की पहचान कर यह पता लगाया जा रहा है कि शराब की खेप कहां से लेकर आए थे और कहां लेकर जा रहे थे। मामला जो भी हो लेकिन माड़ा, सरई, बरका क्षेत्र में शराब तस्करी, रेत तस्करी की जो घटनाएं हो रही हैं, समय रहते उनको नहीं रोका गया तो किसी भी दिन स्थिति बिगड़ सकती है। क्षेत्र में हो रही अनैतिक गतिविधियों से पब्लिक में भी आक्रोश बढ़ रहा है।
Satana News: रीवा में रंगरलियां मनाते पकड़े गए सतना के वन परिक्षेत्र अधिकारी