Singrauli News: जिला मुख्यालय वैढ़न शहर के जुड़वा तालाब परिसर में देश की आन-बान और शान के प्रतीक तिरंगे का शुक्रवार को लोकार्पण किया गया। देशप्रेम की भावना को नई ऊंचाई देते हुए, शहर के इस प्रमुख स्थल पर 100 फीट ऊंचे विशालकाय तिरंगे झंडे लगाने के कार्य का भव्य और गरिमामय लोकार्पण पूरी भव्यता के साथ
संपन्न हुआ। इस तरह महापौर रानी अग्रवाल और एमआईसी की मंशा पूरी हो गयी। ज्ञात हो कि एमआईसी ने ही इस प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की थी। लोकार्पण कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह एवं महापौर रानी अग्रवाल तथा विशिष्ट अतिथि अध्यक्ष देवेश पांडेय के द्वारा संयुक्त रूप से जनता को समर्पित किया गया। इस समारोह में जनसमुदाय को संबोधित करते हुए
सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह ने कहा कि 100 फीट की गगनचुंबी ऊंचाई पर पूरी आन-बान और शान से लहराता हमारा यह राष्ट्रीय ध्वज केवल एक प्रतीक ही नहीं, बल्कि हमारी संप्रभुता, अखंडता और अमर शहीदों के बलिदान की जीती-जागती गाथा है। हवा के झोंकों के साथ जब-जब यह तिरंगा सिंगरौली के आसमान में लहराएगा, तब-तब यहां के प्रत्येक नागरिक और बच्चे के हृदय में देशप्रेम की एक नई ऊर्जा का संचार होगा।
हर सिंगरौलीवासी के स्वाभिमान का प्रतीक है तिरंगा
महापौर रानी अग्रवाल ने अपने उद्बोधन में कहा कि जुड़वा तालाब परिसर में स्थापित यह विशाल तिरंगा अब अनंत काल तक सिंगरौली की पहचान और हर सिंगरौली वासी के स्वाभिमान का सबसे ऊंचा केंद्र बनकर मुस्कुराएगा। नगर निगम अध्यक्ष देवेश पांडेय ने अपने उद्बोधन में इस ऐतिहासिक उपलब्धि की बधाई देते हुए कहा कि यह नगर निगम प्रशासन की जनहित और राष्ट्रहित के प्रति कटिबद्धता का प्रमाण है।
इस अवसर पर एमआईसी सदस्य अंजना इंद्रेश शाह, पार्षद संतोष शाह, जनपद अध्यक्ष देवसर प्रणव पाठक, पूर्व प्राधिकरण अध्यक्ष दिलीप शाह, पार्षद आशीष बैस, पार्षद राम नरेश शाह, पार्षद संजय सिंह, उपायुक्त आरपी बैस, सहायक यंत्री प्रवीण गोस्वामी, सहायक यंत्री डीके सिंह एवं सहायक यंत्री इंद्रवेश यादव उपस्थित रहे।