Singrauli News: इस सीजन की पहली मानसूनी तेज बारिश ने जहां शहरवासियों को गर्मी से राहत दी, वहीं पहली बरसात में ही नगर निगम के साफ-सफाई के दावों की पोल खुल गई। करीब एक घंटे की बरसात से शहर की नालियां और नाले जलमग्न हो गए।
गंदा पानी जगह-जगह सड़कों पर भर गया, जिससे आम लोगों को खासी परेशानी हुई। एनसीएल मैदान बिलौंजी कान्वेंट तिराहे के पास पानी भरने से आवाजाही में लोगों को दिक्कत हुई। वहीं ताली मार्ग में घुटनों तक गंदा पानी भरा रहा, जिससे लोगों का सड़क पर चलना मुश्किल हो रहा था। गनियारी, हर्रई, विंध्यनगर सहित अन्य जगहों पर भी नालियां चोक रहीं, जिससे गंदा पानी सड़क पर बहता रहा।
चोक हो गईं नालियां
बरसात के पहले नगर निगम द्वारा दावा किया गया था कि शहर के प्रमुख नालों और मोहल्लों, कॉलोनियों की नालियों की साफ-सफाई करवा ली गई है, लेकिन पहली बरसात में ही नगर निगम के दावों की पोल खुल गई। मोहल्ले और कॉलोनियों की नालियां चोक हो गईं, जिससे बरसात का गंदा पानी सड़क पर बहता रहा।
निचली जगहों पर कुछ घरों में भी पानी भरने की सूचना है, लेकिन राहत की बात रही कि बरसात ज्यादा देर तक नहीं हुई, जिससे किसी तरह के नुकसान की सूचना नहीं है। बरसात अगर देर तक होती तो समस्या निर्मित हो सकती थी।
कीचड़ से सनी सड़कें चलना मुश्किल
कुछ दिन पहले ही ताली मार्ग में सीवर लाइन और पानी की पाइप लाइन बिछाने का काम किया गया था। पाइप लाइन बिछाने के लिए सड़क की खुदाई से जो मिट्टी निकली थी, उसे हटाया नहीं गया, जिससे पहली बरसात में ही मिटटी बहकर पूरे सड़क में फैली रही, जिससे पैदल चलने वालों को खासी चलन परेशानी हुई।
सड़क में फैले कीचड़ से वाहन चालक भी परेशान रहे। लोगों का कहना है कि संविदाकार द्वारा खुदाई से निकली गई मिट्टी को सड़क के किनारे फेंक दी गई, जिससे यह हालात निर्मित हुए।
नाले-नालियों पर अतिक्रमण, नहीं निकलता पानी
शहर के प्रमुख नाले और नालियां अतिक्रमण की चपेट मे है। कुछ लोगों द्वारा नाले को पाटकर उसके ऊपर दुकानें लगा ली गई हैं, जिससे बरसात का पानी ठीक से नहीं निकल पाता है। वहीं कुछ लोग अपनी सहूलियत के हिसाब से दुकान और घर के सामने की नाली को पाट दिए हैं, जिससे बरसात का पानी निकलने में दिक्कत होती है। समय रहते अगर नाले-नालियों की सफाई में लापरवाही बरती गई तो आने वाले समय में जब भी बरसात होगी, इस तरह की समस्या का सामना लोगों को करना पड़ेगा।
क्या कहते हैं शहरवासी
ताली मार्ग पर कुछ दिन पहले पाइप लाइन बिछाने के लिए खुदाई की गई थी। सड़क की खुदाई से जो मिट्टी निकली, उसे किनारे रख दिया गया, जिससे बरसात होने पर पूरी मिट्टी सड़क में बहकर आ गई है। पूरी सड़क कीचड़ से सन गई है, चलना मुश्किल हो गया है।
रामकरण साहू, निवासी ताली
एनसीएल मैदान बिलौंजी तिराहे के पास नाले और नालियों में अतिक्रमण कर लिया गया है। अतिक्रमण के चलते बरसात का पानी नाली से नहीं निकल पाता है, जिसके चलते जब भी बरसात होती है, गंदा पानी पूरी सड़क पर जमा हो जाता है।
पुनीत विश्वकर्मा, बिलौंजी
पहली बरसात में ही शहर में जगह-जगह जत्न जमाव होने से सड़कों पर पैदल चलना तक मुश्किल हो गया है। समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो पूरी बरसात में दिक्कत होगी। नाले-नालियों की साफ-सफाई होना जरूरी है।
विकास दुबे, हर्रई