Singrauli News: सिंगरौली जिले की देवसर विधानसभा क्षेत्र में सड़क की बदहाली एक बार फिर सामने आई है। रविवार को सुहिरा-इमलिया-गाड़ाखाड़ मार्ग पर यात्रियों से भरा एक ऑटो सड़क के गहरे गड्ढे में फंस गया। हादसे के दौरान ऑटो में सवार सभी यात्री सुरक्षित रहे और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। हालांकि घटना के बाद कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सड़क पर बने बड़े और गहरे गड्ढों के कारण ऑटो चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ऑटो गड्ढे में फंस गया। स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद ऑटो को बाहर निकाला गया। समय रहते स्थिति संभल जाने से एक बड़ा हादसा टल गया।
ग्रामीणों का कहना है कि सुहिरा-इमलिया-गाड़ाखाड़ मार्ग पिछले कई वर्षों से जर्जर हालत में है। सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे बने हुए हैं, जिससे रोजाना राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। बरसात के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, क्योंकि गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सड़क की मरम्मत और निर्माण को लेकर कई बार जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभाग के अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि प्रशासन की अनदेखी के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं और किसी बड़े हादसे की आशंका लगातार बनी हुई है।