Singrauli News: पर्यावरण संरक्षण और जल स्रोतों के पुनरुद्धार के संकल्प के साथ आज नगरीय क्षेत्र में जल गंगा संवर्धन अभियान का विधिवत आगाज किया गया। विधायक राम निवास शाह, ननि अध्यक्ष देवेश पाण्डेय, अरविंद द्विवेदी, ननि डिप्टी कमिश्नर आरपी बैस सहित उपस्थित जन प्रतिनिधियों ने ढोटी तालाब की सफाई कर अभियान का आगाज किया।
अभियान का मुख्य उद्देश्य नगरीय क्षेत्र में स्थित पारंपरिक जल स्रोतों जैसे कुओं, बावड़ियों, तालाबों और नदियों की सफाई व गहरीकरण करने के साथ ही नवीन जल संरचनाओं का निर्माण करना है। विधायक ने स्वयं श्रमदान कर नागरिकों को स्वच्छता का संदेश देते हुये कहा कि जल ही जीवन है और बिना जनभागीदारी के पर्यावरण सुधार का लक्ष्य प्राप्त करना कठिन है। उन्होंने कहा कि आज जब हम एक-एक बूंद जल को इकठ्ठा करेंगे, तभी हम अपने आने वाली पीढ़ी को स्वच्छ जल उपलब्ध करा सकेंगे।
उन्होंने आम जनमानस से अपील करते हुए कहां की अपने आसपास में स्थित जल स्रोतों की साफ -सफाई करें, जल स्रोतों को स्वच्छ रखें, तभी इस अभियान का सार्थक परिणाम मिल सकेगा। ननि अध्यक्ष देवेश पांडेय ने कहा जन-जन को जल संरक्षण में भागीदार बनाने के लिए राज्य सरकार द्वारा जल गंगा संवर्धन अभियान प्रारंभ किया गया है। इस अवसर पर नगर निगम के स्वास्थ्य अधिकारी बीजी चतुर्वेदी सहित सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।