Singrauli News: अक्षय तृतीया के अवसर पर रविवार को तीनों जनपद पंचायतों में सामूहिक विवाह कार्यक्रम आयोजित हुआ। जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में 195 कन्याओं का विवाह कराया गया। वैवाहिक रस्मों को निभाते हुए महिलाओं के मंगल गीत गायन व मंत्रोच्चार के बीच वर और कन्या ने अग्नि के सात फेरे लेकर जन्म-जन्म साथ निभाने का वादा किया। अंत में जनप्रतिनिधियों ने सुखमय वैवाहिक जीवन की कामना करते हुए नवविवाहित जोड़ों को विदा किया।
बिलौंजी के अटल सामुदायिक केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में अतिथि के रूप में सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह, देवसर विधायक राजेंद्र मेश्राम, महापौर रानी अग्रवाल, नगर निगम अध्यक्ष देवेश पांडेय व भाजपा जिलाध्यक्ष सुंदर शाह उपस्थित रहे। जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में 49 कन्याओं का विवाह कराया गया। जिसमें नगर निगम क्षेत्र के 15 व जनपद पंचायत वैढ़न क्षेत्र के 34 जोड़े शामिल रहे।
हर बिटिया का सम्मान के साथ हो कन्यादान
जनपद पंचायत देवसर अंतर्गत बरगवां सामुदायिक केंद्र में आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम में जपं देवसर के 43 व बरगवां नप के 2 जोड़े शामिल रहे। इस प्रकार 45 नवविवाहित जोड़े विधि-विधान के साथ परिणय सूत्र में बंधे।
मुख्य अतिथि देवसर विधायक राजेंद्र मेश्राम, अध्यक्षता जनपद पंचायत देवसर अध्यक्ष प्रणव पाठक तथा विशिष्ट अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष सुंदरलाल शाह की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन को विशेष महत्व प्रदान किया। अतिथियों ने नवविवाहित जोड़ों पर पुष्पवर्षा कर उन्हें सुखद दांपत्य जीवन की शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
गरीब परिवारों के लिए वरदान
मंच से वक्ताओं ने योजना की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए संबल साबित हो रही है। साथ ही समाज में बेटियों के सम्मान, समानता और सामाजिक समरसता का सशक्त संदेश भी दे रही है। वक्ताओं ने कहा कि ऐसे आयोजन सामाजिक एकजुटता को मजबूत करते हैं व शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
चितरंगी में 98 जोड़ों का हुआ विवाह
चितरंगी जनपद पंचायत में भी सामूहिक विवाह के माध्यम से अक्षय तृतीया का त्योहार धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान 98 वर कन्याओं ने अग्नि के सात फेरे लिए। इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने सामूहिक विवाह योजना की मुक्तकंठ से प्रशंसा की। कहा कि अब उन गरीब पिता को परेशान होने की जरूरत नहीं हीं है, क्योंकि भाजपा सरकार ने बेटियों की शादी धूमधाम से कराने के लिए यह योजना संचालित की है। जिसका लाभ हर साल सैकड़ों कन्याओं को मिल रहा है।
ये भी पढ़े-
Singrauli News: जनगणना 2027 के अंतर्गत प्रशिक्षण कार्यक्रम का द्वितीय दिवस संपन्न