Singrauli News: सिंगरौली रेल परियोजना के तहत लंबित मुआवजे को लेकर ग्राम हर्रा चंदेल और कटौली में प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए विशेष कैंप लगाकर व्यापक स्तर पर रिकॉर्ड सत्यापन अभियान चलाया।
कलेक्टर गौरव बैनल के निर्देश एवं उपखंड अधिकारी सौरभ मिश्रा की अनुशंसा पर आयोजित इस अभियान में एक सैकड़ा से अधिक ग्रामीणों के दस्तावेजों का सत्यापन किया गया, जिससे वर्षों से लंबित प्रकरणों के समाधान की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। तहसीलदार, कार्यपालिक मजिस्ट्रेट देवसर ऋषि नारायण सिंह के नेतृत्व में राजस्व अमला पूरे समय सक्रिय रहा।
इस दौरान कानूनो त्रिलोकी नाथ चतुर्वेदी, संबंधित पटवारी, सरपंच-सचिव, समाजसेवी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। कैंप में वारिसानना, आधार लिंकिंग, खाता विवरण की त्रुटियां और अन्य तकनीकी कारणों से रुके मुआवजा प्रकरणों की गहन जांच की गई। कई मामलों में मौके पर ही सुधार कर आगे की प्रक्रिया शुरू की गई, जिससे ग्रामीणों को तत्काल राहत मिली।
भुगतान में देरी, लोगों में आक्रोश
गौरतलब है कि दोनों गांवों में मुआवजा भुगतान में देरी को लेकर लंबे समय से आक्रोश व्याप्त था। प्रशासन की इस सक्रिय पहल से अब समाधान की उम्मीद जगी है और ग्रामीणों में भरोसा बढ़ा है। पटवारी उदय पाल सिंह ने बताया कि सत्यापन कार्य पूरी पारदर्शिता के साथ किया जा रहा है और पात्र हितग्राहियों को शीघ्र मुआवजा दिलाने के लिए प्राथमिकता दी जा रही है।
प्रशासनिक अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि सत्यापन प्रक्रिया पूर्ण होते ही भुगतान कार्य में तेजी लाई जाएगी, ताकि किसी भी पात्र व्यक्ति का हक लंबित न रहे।
ये भी पढ़े-