Singrauli News: महान एनर्जेन की शिफ्ट बस ने बाइक सवार युवक को मारी टक्कर, एक की मौत, दूसरा गंभीर

Singrauli News: जिले में होने वाले सड़क हादसों में किसी तरह की लगाम नहीं लग पा रही है, आए दिन हादसों में लोगों को असमय जान गंवानी पड़ रही है, उसके बाद भी कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। सड़क हादसे का ताजा मामला खुटार में देखने को मिला, जहां पर अदाणी कंपनी की तेज रफ्तार शिफ्ट बस ने बाइक सवार दो सगे भाइयों को टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भयंकर थी कि बाइक सवार सगे भाइयों में राजू खैरवार पिता शिवकुमार खैरवार की मौके पर ही मौत हो गई और दूसरा भाई राहुल खैरवार गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां उसकी हालत सड़क हादसे में लोगों गंभीर बताई जा रही है। नौजवान युवक की मौत होने से गुस्साये ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया।

कंपनी प्रबंधन के प्रति रहा गुस्सा 

युवक की मौत से गुस्साये लोगों ने सड़क पर जाम लगाते हुए कंपनी प्रबंधन और प्रशासन के खिलाफ जमकर आक्रोश व्यक्त किया। लोगों का कहना था कि बंधौरा स्थित महान एनर्जेन कंपनी में लगे कोयला वाहन हों या फिर कर्मचारियों को लाने ले जाने के लिए लगी शिफ्ट बसें, इतनी तेज गति से निकलती है कि उनके सामने अगर गलती से भी कोई आ गया तो उसका बचना मुश्किल हो जाता है। लोगों की मांग है कि शिफ्ट बस हो या लोडिंग वाहन, सभी की गति सीमा निर्धारित की जाए और जिन वाहनों से सड़क हादसे हों, उनके चालकों के खिलाफ कठोर से कठोर कार्रवाई की जाए।

देर रात तक चला हंगामा 

हादसे की सूचना लगते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए थे। लोगों की मांग थी कि मृतक के परिजनों को सहायता राशि देने के साथ किसी एक सदस्य को महान एनर्जेन कंपनी में नौकरी दी जाए। घटना रात 8 बजे के आसपास हुई, लेकिन हंगामा और चक्काजाम समाचार लिखे जाने के समय रात्रि 11.15 बजे तक जारी रहा। मौके पर उपस्थित पुलिस अधिकारियों ने बातचीत कर मामले को सुलझाने का प्रयास किया, लेकिन गुस्साये लोग पुलिस की बात मानने को तैयार नहीं थे। बताया जा रहा है कि घटना के दो घंटे बाद तक जिला प्रशासन के अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे थे, जिससे लोगों का गुस्सा और बढ़ गया था।

माता-पिता का हाल-बेहाल

हादसे की जानकारी मिलने के बाद मृत युवक के माता-पिता भी मौके पर पहुंच गए थे। जवान बेटे की हादसे में मृत्यु होने से माता-पिता का हाल-बेहाल था। बताया जा रहा है कि दोनों सगे भाई किसी निजी कंपनी में काम करके अपना और परिवार का पालन पोषण कर रहे थे। हादसे में बड़े भाई की मौत होना बताया जा रहा है, छोटा भाई गंभीर रूप से घायल हुआ है। अस्पताल में भर्ती छोटे भाई को अभी तक पता ही नहीं है कि उसका बड़ा भाई अब इस दुनिया में नहीं है।

ये भी पढ़े-

शासकीय अग्रणी महाविद्यालय वैढ़न में समाज शास्त्र के सहायक प्राध्यापक की हुई पदस्थापना

Singrauli News: पचौर में बिजली दुकान में भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख

Leave a Comment